एयरपोर्ट पर राज्‍यपाल व मुख्‍यमंत्री के बीच दिखी जबर्दस्‍त गर्मजोशी, नमस्कार हेमंत जी कहने पर जानिए CM ने क्‍या कहा...

Jharkhand News Governor Ramesh Bais Hemant Soren मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्‍यों के साथ एयरपोर्ट पर राज्‍यपाल की अगवानी की। इसके बाद वहां मौजूद मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों से उनका परिचय कराया। लगभग सभी मंत्री मौके पर उपस्थित रहे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 14 Jul 2021 09:48 AM (IST) Updated:Wed, 14 Jul 2021 12:42 PM (IST)
एयरपोर्ट पर राज्‍यपाल व मुख्‍यमंत्री के बीच दिखी जबर्दस्‍त गर्मजोशी, नमस्कार हेमंत जी कहने पर जानिए CM ने क्‍या कहा...
Jharkhand News, Governor Ramesh Bais मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्रिमंडल के सदस्‍यों के साथ एयरपोर्ट पर राज्‍यपाल की अगवानी की।

रांची, राज्य ब्यूरो। मंगलवार शाम रांची पहुंचे झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच जबर्दस्‍त गर्मजोशी दिखी। रांची एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी अगवानी की। हेमंत सोरेन जैसे ही प्रोटोकॉल तोड़कर उनके स्वागत के लिए आगे बढ़े, रमेश बैस ने कहा- 'नमस्कार हेमंत जी, आपके प्रदेश में आया हूं।' मुख्यमंत्री ने भी गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए कहा, आपका स्वागत है सर...। झारखंड में आपको बहुत अच्छा लगेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों से उनका परिचय कराया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त राज्यपाल को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। सभी मंत्रियों ने भी राज्यपाल को पुष्प भेंट किए। इसके बाद मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने अन्य पदाधिकारियों से उनका परिचय कराया। एयरपोर्ट पर ही नवनियुक्त राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहां से राज्यपाल सीधे राजभवन पहुंच गए।

दो को छोड़ सभी मंत्री एयरपोर्ट पर रहे मौजूद

राज्यपाल की अगवानी में जगरनाथ महतो तथा हफीजुल अंसारी को छोड़कर सभी मंत्री एयरपोर्ट पहुंचे। इनमें आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, चंंपाई सोरेन, बादल पत्रलेख, बन्ना गुप्ता, मिथलेश ठाकुर, जोबा मांझी, सत्यानंद भोक्ता शामिल रहे। अधिकारियों में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, महाधिवक्ता राजीव रंजन, अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, कैबिनेट सचिव वंदना दादेल, दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त डाॅ. नितिन मदन कुलकर्णी, मुख्यमंत्री के सचिव विनय चौबे, रांची के उपायुक्त रांची छवि रंजन, रांची के एसएसपी सुरेंद्र झा आदि उपस्थित थे।

राज्यपाल के साथ रांची पहुंचे हैं उनके कई रिश्तेदार

नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए उनके कई रिश्तेदार भी रांची पहुंचे हैं। उनके सभी नजदीकी रिश्तेदारों को राजभवन में ही ठहराया गया है, जबकि कुछ रिश्तेदारों को ठहरने की व्यवस्था राजकीय अतिथिशाला में की गई है। इधर, नवनियुक्त राज्यपाल तथा उनकी पत्नी के राजभवन पहुंचने के बाद अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह ने दोनों को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने दोनों को राजभवन और राज्यपाल सचिवालय के सभी पदाधिकारियों से बारी-बारी से परिचय कराया। इसके बाद वे आराम करने अपने कक्ष में चले गए। फिर थोड़ी देर बाद उन्होंने अपर मुख्य सचिव से बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जानकारियां प्राप्त कीं। उनके अतिथियों को ठहरने के लिए कहां और क्या व्यवस्था की गई है, इसकी भी जानकारी प्राप्त की।

chat bot
आपका साथी