भाजपा शासित राज्यों में शराबबंदी कराएं मोदी : नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह दी है कि वे सारे भाजपा शासित राज्यों में शराबबंदी कराएं। यहां बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाली झाविमो के अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि आए नीतीश का पूरा भाषण बिहार में शराबबंदी पर केंद्रित रहा।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 24 May 2016 03:57 AM (IST) Updated:Tue, 24 May 2016 04:32 AM (IST)
भाजपा शासित राज्यों में शराबबंदी कराएं मोदी : नीतीश

राज्य ब्यूरो, रांची। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह दी है कि वे सारे भाजपा शासित राज्यों में शराबबंदी कराएं। यहां बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाली झाविमो के अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि आए नीतीश का पूरा भाषण बिहार में शराबबंदी और भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप पर केंद्रित रहा। नीतीश कुमार के अधिवेशन स्थल पर आने के ऐन पहले भारी आंधी-बारिश से लगभग 15 मिनट तक अफरातफरी मची रही।

पिछले दिनों धनबाद में शराबबंदी का बिगुल फूंक गये नीतीश कुमार ने फिर से उसी अंदाज में झारखंड सरकार को घेरा। बोले, 'रघुवर दास जी, अपना आदमी बिहार भेज दीजिए। कितनी शांति है शराब बंद होने के बाद, दिखवा लीजिए। इसको प्रतिष्ठा का प्रश्न मत बनाइए। गुजरात मॉडल ही अपना लीजिए।Ó नीतीश बोले, वे प्रधानमंत्री को भी कहेंगे कि सारे भाजपा शासित राज्यों में शराबबंदी कराइए। लोग कहते हैं कि शराब बंद हो जाएगा तो आदिवासी क्या करेंगे? यह आदिवासियों को बदनाम करने की साजिश है। शराब के खिलाफ पूर्व में शिबू सोरेन अभियान चला चुके हैं। अब बाबूलाल मरांडी इसे आगे बढ़ा रहे हैं।

नीतीश कुमार ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार एक्साइज एक्ट का उल्लंघन कर रही है। इसके अनुसार दोनों राज्यों की सीमा के 3.2 किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानों पर रोक है लेकिन बिहार से सटे सीमावर्ती जिलों में देसी और विदेशी शराब का कोटा 50 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया। झारखंड सरकार को उन्होंने चिट्ठी लिखी लेकिन सही तरीके से जवाब भी नहीं मिला। नीतीश ने दावा किया कि झारखंड में शराबबंदी के खिलाफ महिलाएं जोरदार आंदोलन चला रही हैं। बगोदर में महिलाओं ने सड़क जाम कर दिया।

रघुवर दास को उन्होंने यह भी कहा, भूलभूलैया में नहीं रहें, केतना दिन बचिएगा। पूर्व में रघुवर दास के बयानों पर पलटवार करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, हम पर कोई नशा नहीं चढ़ता। बिहार में कैसा कैंपेन हुआ, सबको पता है। हमें अपमानित किया गया लेकिन हम मर्यादा नहीं भूले। यहां तक कहा कि मेरा डीएनए गड़बड़ है।

आजसू को पुचकारा

नीतीश कुमार ने रघुवर सरकार पर निशाना साधने के क्रम में आजसू को पुचकारा। बोले, एयरपोर्ट में आते हुए कई जगहों पर सुदेश महतो का पोस्टर देखा। चुनाव में भाजपा ने इनके बल पर बहुमत हासिल किया लेकिन अब वे इन्हें साइड कर रहे हैं। झाविमो के छह विधायकों को इसी मंशा के तहत तोड़ा गया भाजपा में शामिल हुए विधायक अभी भी तकनीकी तौर पर झाविमो के सदस्य हैं। यह भाजपा की कमजोरी को दर्शाता है। मजबूत लोग कहीं तोडफ़ोड़ नहीं करते।

नीतीश पीएम मैटेरियल : बाबूलाल

अधिवेशन में नीतीश कुमार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की जहां जमकर तारीफ की वहीं बाबूलाल ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के योग्य बताया। कहा, हम मिलकर काम करेंगे। इससे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। झारखंड में दंगा-फसाद हो रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उग्रवादी-पुलिस मिलकर पैसे बांटते हैं। एसआइटी गठन की फाइल गृह विभाग में महीनों से दबी है।

chat bot
आपका साथी