रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड : एनआइए की अदालत में पूर्व मंत्री राजा पीटर व पूर्व नक्सली कुंदन पाहन पर आरोप गठित

एनआइए के विशेष न्यायाधीश नवनीत कुमार की अदालत ने पूर्व मंत्री राजा पीटर पर आरोप गठित किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Aug 2018 12:01 PM (IST) Updated:Sun, 26 Aug 2018 12:01 PM (IST)
रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड : एनआइए की अदालत में पूर्व मंत्री राजा पीटर व पूर्व नक्सली कुंदन पाहन पर आरोप गठित
रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड : एनआइए की अदालत में पूर्व मंत्री राजा पीटर व पूर्व नक्सली कुंदन पाहन पर आरोप गठित

रांची, राज्य ब्यूरो। रांची के प्रधान न्यायायुक्त सह एनआइए के विशेष न्यायाधीश नवनीत कुमार की अदालत ने मंगलवार को तमाड़ के पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकाड मामले में आरोपित पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर व कुख्यात नक्सली कुंदन पाहन सहित दस अभियुक्तों पर आरोप गठित कर दिया है। इस दौरान सभी अभियुक्तों को जेल से लाकर कोर्ट में सशरीर पेश किया गया।

हाई कोर्ट ने राजा पीटर की याचिका की खारिज

झारखंड हाई कोर्ट से भी पूर्व मंत्री राजा पीटर को बड़ा झटका लगा है। जस्टिस आर. मुखोपाध्याय के कोर्ट ने एनआइए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) जांच को चुनौती देने वाली राजा पीटर की याचिका खारिज कर दी।

कोर्ट ने पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड की जांच में हस्तक्षेप करने से इन्कार करते हुए एनआइए जांच को भी सही ठहराया। दो माह पूर्व इस मामले में दोनों पक्षों की बहस के बाद कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रखा था। शनिवार को कोर्ट ने उक्त मामले में फैसला सुनाया।

पूर्व में सुनवाई के दौरान राजा पीटर की ओर से कहा गया कि पूर्व मंत्री रमेश सिंह की मुंडा हत्याकांड की जांच सीआइडी कर रही थी। करीब आठ साल बाद एनआइए इस मामले की जांच कर रही है। यह जांच कानून सम्मत नहीं है। राजा पीटर को षड्यंत्र के तहत इस मामले में फंसाया जा रहा है। पीटर की ओर से इस मामले में एनआइए जांच पर रोक लगाने का आग्रह किया गया। एनआइए की ओर से कहा गया कि राज्य सरकार ने इस मामले में एनआइए जांच की अनुशंसा की थी। इसके बाद गृह मंत्रालय ने इसके लिए अधिसूचना जारी की थी और मामले की जांच एनआइए को सौंपी गई। इसमें किसी भी प्रकार कोई कानूनी गड़बड़ी नहीं है। इसलिए राजा पीटर की याचिका को खारिज किया जाए।

बता दें कि कृष्ण कुमार पातर उर्फ राजा पीटर ने रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में एनआइए जांच को चुनौती देते हुए याचिका दाखिल थी। याचिका में एनआइए जांच को गलत बताया था।

chat bot
आपका साथी