Jharkhand Heat Wave Alert : रांची समेत पूरे प्रदेश में गर्मी को लेकर त्राहिमाम, लू के थपेड़ों से झुलसाया शहर; अलर्ट जारी
Jharkhand Weather Update रांची समेत पूरे झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी कहर बरपा रहा है। हीट वेव का भी जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है। आलम यह है कि अभिभावकों ने रांची के डीसी से स्कूल बंद कराने की अपील की है। मौसम विभाग का भी कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी अभी और बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी समेत पूरे राज्य में इन दिनों हीट-वेव का असर देखा जा रहा है। दिन में झुलसा देने वाली धूप और गर्म हवा के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में भीषण गर्मी को देखकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने रांची के डीसी से आग्रह किया है कि लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी जाए ताकि बच्चों का स्वास्थ्य खराब न हो।
स्कूल से लौटते वक्त बच्चों की हालत खराब
इधर, झारखंड अभिभावक संघ के अध्यक्ष भी स्कूलों में छुट्टी को लेकर डीसी से मिलने वाले हैं। बिरसा चौक निवासी निरज भट्ट ने बताया कि सुबह के समय तो गर्मी का असर कम रहता है लेकिन स्कूलों में छुट्टी होने के समय तेज धूप के साथ गर्म हवा बहने लगती है। घर पहुंचते-पहुंचते बच्चों की स्थिति खराब होने लगती है। यद्यपि शहर के कुछ स्कूलों ने गर्मी छुट्टी में संशोधन कर दिया है। सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल में 15 मई से होने वाली गर्मी छुट्टी अब 10 मई से होगी।
अभी और बढ़ेगा तापमान: मौसम विभाग
हालांकि, छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में वर्षा होने के कारण रविवार शाम रांची में ठंडी हवा बहने से गर्मी से थोड़ी राहत अवश्य मिली।
वहीं मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार गर्मी से मिलने वाली राहत स्थाई नहीं है, बल्कि आगामी दिनों तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।
चिलचिलाती धूप में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जबकि जेठ की तपिश तो अभी बाकी है। गर्मी का आलम यह है कि राज्य के 11 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है जबकि बाकी जिलों में तापमान 40 के आसपास है।
हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में सबसे अधिक तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला खरसावां में रिकाॅर्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची में भी तापमान लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 15 दिनों के अंदर राजधानी के तापमान में 3-4 डिग्री की वृद्धि हुई है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद की माने तो 29 अप्रैल को राज्य पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, धनबाद, बोकारो, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में कहीं कहीं हीट-वेव का असर देखने को मिलेगा।
इसे लेकर मौसम विभाग आरेंज अलर्ट जारी किया है। 30 अप्रैल और 1 मई को रांची, रामगढ़, पलामू, खूंटी, गढ़वा जिला में हीट-वेव का असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें:
Jharkhand News: कोयला चोरों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, सात गिरफ्तार; 23 बाइक जब्त
बदल गया नियम! लीज पर लेना चाहते हैं FCI का आवास, तो पूरी करनी होगी ये शर्त