लालू यादव की सुरक्षा में तैनात ASI की पत्‍थर से कूचकर हत्या, बिहार के राजगीर के थे रहने वाले Ranchi News

Jharkhand Today News. 100 फीट गहरी खदान से शव मिला है। तुपुदाना के बेरमाद स्कूल में नशे के दौरान हत्या की आशंका है। घटना को अंजाम थाने से महज 500 मीटर दूर दिया गया है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Fri, 31 Jul 2020 08:02 AM (IST) Updated:Fri, 31 Jul 2020 09:10 PM (IST)
लालू यादव की सुरक्षा में तैनात ASI की पत्‍थर से कूचकर हत्या, बिहार के राजगीर के थे रहने वाले Ranchi News
लालू यादव की सुरक्षा में तैनात ASI की पत्‍थर से कूचकर हत्या, बिहार के राजगीर के थे रहने वाले Ranchi News

तुपुदाना (रांची), जासं। रिम्स के पेइंग वार्ड में इलाजरत सजायाफ्ता बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद की सुरक्षा में तैनात एएसआइ कामेश्वर रविदास की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पत्थर से सिर और चेहरे को कूच कर वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद 100 फीट गहरी पत्थर खदान में लाश फेंक दी गई। घटना तुपुदाना थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई।

घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। शुक्रवार की सुबह तुपुदाना इलाके के बेरमाद महुआटोली स्थित खदान से एएसआइ की लाश बरामद की गई। एएसआइ कामेश्वर बिहार के नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के सिरियुपुर गांव के रहने वाले थे। वर्ष 2000 में झारखंड पुलिस में इनकी नियुक्ति हुई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खदान के ऊपर उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय परिसर में वारदात को अंजाम दिया गया।

इसके बाद स्कूल के बरामदे में फैले खून को धोकर साफ करने की कोशिश की गई। सुबह स्थानीय लोग शौच के लिए गए। इस दौरान खदान में लाश देखी। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआइजी अखिलेश कुमार झा, एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा, सिटी एसपी सौरभ, हटिया एएसपी विनीत कुमार, तुपुदाना पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉयड, एफएसएल की टीम और तकनीकी सेल की टीम को बुलाकर जांच में मदद ली गई।

चार लोगों को हिरासत में लिया

पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें गुड्डू लोहार, ढोला लोहार, रमेश लोहार व एक अन्य शामिल हैं। सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है।

अवैध संबंध हो सकती है हत्या की वजह

एएसआइ की हत्या के पीछे की वजह नशा के दौरान विवाद अथवा महिला से अवैध संबंध होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस इन बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सूत्र बताते हैं कि एएसआइ को कुछ समय पहले एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया था। इसके बाद घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है। हालांकि अधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है।

मार्च से लालू की सुरक्षा में थे तैनात

तुपुदाना ओपी में पदस्थापित कामेश्वर मार्च 2020 से लालू प्रसाद की सुरक्षा में प्रतिनियुक्ति पर थे। रिम्स के रजिस्टर के अनुसार वह बुधवार को ड्यूटी पर गए थे। अगले दिन गुरुवार को ड्यूटी पर नहीं थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की सुबह से ही वह इलाके में घूम-घूम कर शराब पी रहे थे। स्कूल के बरामदे में भी उन्हें साथियों के साथ शराब पीते देखा गया।

'हत्या के मामले में संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।' -सौरभ, सिटी एसपी रांची।

यह भी पढ़ें: इस गांव की शान हैं आलीशान कच्‍चे मकान, भव्‍यता व सुंदरता की सब करते हैं तारीफ

chat bot
आपका साथी