लातेहार में उग्रवादियों ने खेला खूनी खेल, मुंशी की गोली मारकर हत्या Latehar News

Latehar Jharkhand News मुंशी पुल निर्माण कार्य की देखरेख करता था। बताया गया है कि लेवी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। लातेहार सदर थाना क्षेत्र के तरवाडीह इलाके की घटना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 13 Mar 2021 11:08 AM (IST) Updated:Sat, 13 Mar 2021 06:09 PM (IST)
लातेहार में उग्रवादियों ने खेला खूनी खेल, मुंशी की गोली मारकर हत्या Latehar News
Latehar Jharkhand News पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लातेहार, जासं। Latehar Jharkhand News झारखंड के लातेहार जिले में बीती रात जेजेएमपी के उग्रवादियों ने खूनी खेल खेला है। उग्रवादियों ने मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी है। मुंशी पुल निर्माण कार्य की देखरेख करता था। बताया गया है कि लेवी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। लातेहार सदर थाना क्षेत्र के तरवाडीह इलाके की घटना है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार विष्णुदेव सिंह कोने गांव के धरधरी नदी में हो रहे पुल निर्माण कार्य में मुंशी का कार्य करता था। मृतक के भाई रमेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर संवेदक विजय प्रसाद के साथ खाना खाने के दौरान गांव के ही नरेश साव पिता नंददेव साव व पिंटू लोहरा पिता सरदार लोहरा पहुंचे और धरधरी नदी में हो रहे पुल निर्माण कार्य में लेवी की मांग की गई।

इस पर विष्णुदेव सिंह ने पुल निर्माण में लेवी की राशि नहीं देने की बात की। इसके बाद दोनों में विवाद उत्पन्न हो गया। इसके बाद संवेदक विजय प्रसाद ने शुक्रवार को विष्णुदेव सिंह को लेकर लातेहार थाना में लेवी मांगने व जान से मारने को लेकर जेजेएमपी उग्रवादी संगठन पर मामला दर्ज कराया। इसके बाद विष्णुदेव अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बरैनी गांव के सरना स्थल पर जेजेएमपी उग्रवादियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। ग्रामीणों के द्वारा इसकी सूचना लातेहार थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को सदर अस्पताल लाया। जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।

मनिका विधायक पहुंचे सदर अस्पताल

घटना की जानकारी मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को मिलते ही शनिवार की सुबह सदर अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली व परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक ने कहा कि इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कोने में तैनात पुलिस पिकेट पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस पिकेट के पास पुल निर्माण को लेकर लेवी की राशि के मामले को लेकर जेजेएमपी के द्वारा एक निर्दोष की हत्या होने से अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए मृतक के आश्रितों को सरकारी नौकरी एवं मुआवजा राशि देने की मांग की। इस मौके पर कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष आफताब आलम, विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, साजन कुमार, टिंकू बाबू, कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर मृतक के स्वजनों को सांत्वना दी।

chat bot
आपका साथी