VIDEO: रघुवर ने दिल्ली से बटोरी कई सौगातें, कैंपा फंड के मिलेंगे 4000 करोड़ Ranchi News

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नई दिल्‍ली के शास्त्री भवन में झारखंड के सर्वांगीण विकास को लेकर पांच केंद्रीय मंत्रियों से विभागवार चर्चा की।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Thu, 11 Jul 2019 09:10 AM (IST) Updated:Thu, 11 Jul 2019 09:59 PM (IST)
VIDEO: रघुवर ने दिल्ली से बटोरी कई सौगातें, कैंपा फंड के मिलेंगे 4000 करोड़ Ranchi News
VIDEO: रघुवर ने दिल्ली से बटोरी कई सौगातें, कैंपा फंड के मिलेंगे 4000 करोड़ Ranchi News

रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान गुरुवार को पांच केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर झारखंड के लिए कई सौगातें बटोरीं। मुख्यमंत्री ने एक ही दिन केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन और सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, नागरिक उड्डयन और आवास तथा नगरीय मामलों के मंत्री हरदीप पुरी, कोयला एवं खनन मंत्री प्रह्लाद जोशी और केंद्रीय सड़क परिवहन और राज्यमंत्री नितिन गडकरी के साथ अलग-अलग विषयों पर बैठक की। बैठक का सार्थक फलाफल भी निकला। केंद्रीय मंत्रियों ने झारखंड के संदर्भ में कई लंबित विषयों पर तत्काल निर्णय लिया।

दिल्ली में केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री @PrakashJavdekar जी से मुलाकात कर राज्य के विभिन्न मामलों पर चर्चा की । pic.twitter.com/rXeEksLJDJ

— Raghubar Das (@dasraghubar) July 11, 2019

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के साथ हुई बैठक में क्षतिपूर्ति वनीकरण कोष प्रबंध एवं योजना प्राधिकरण (कैंपा) की राशि जारी करने पर सहमति बन गई है। झारखंड को कैंपा फंड का 4026 करोड़ रुपये मिलने थे। केंद्रीय मंत्री ने अपने सचिव को तत्काल यह राशि झारखंड को निर्गत करने का निर्देश दिया है। बड़ी नदियों के कैचमेंट एरिया को विकसित करने की योजना में झारखंड की स्वर्णरेखा और दामोदर को भी शामिल किए जाने पर भी सहमति बनी। वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने इस पर भी अपनी सहमति दे दी है।

Jharkhand Chief Minister Raghubar Das met Union Ministers Prakash Javadekar and Ramesh Pokhriyal 'Nishank', in Delhi, today. pic.twitter.com/MuQ6LzuA54

— ANI (@ANI) July 11, 2019



पांच नए मॉडल डिग्री कॉलेज के लिए केंद्र से मांगी राशि
मुख्यमंत्री ने मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के साथ बैठक के क्रम में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत पांच नए मॉडल डिग्री कॉलेज के लिए राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। रूसा के अंतर्गत ही वर्तमान में संचालित 13 डिग्री कॉलेज को मॉडल डिग्री कॉलेज में अपग्रेड करने एवं दो नए व्यावसायिक कॉलेज खोलने की मांग मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से की है।
शुरू होगी आदिवासी विवि की शाखा
झारखंड में आदिवासी विश्वविद्यालय खोलने की लंबित मांग को लेकर मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और मुख्यमंत्री के बीच चर्चा हुई। सहमति बनी कि मध्य प्रदेश (अमरकंटक) में चल रहे आदिवासी विश्वविद्यालय का कैंपस झारखंड में खुलेगा। तय यह भी हुआ कि देवघर में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने के लिए केंद्र सरकार आर्थिक अनुदान देगी। झारखंड सरकार इसी मानसून सत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए विधेयक लाएगी।
दुमका में खुलेगा कामर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट
दुमका में पीपीपी मॉडल पर कामर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खुलेगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने एनओसी देने की सहमति दे दी है। नागरिक उड्डयन और आवास तथा नगरीय मामलों के मंत्री हरदीप पुरी के साथ मुख्यमंत्री की हुई बैठक में इस बाबत सहमति बनी। हरदीप पुरी ने इस संबंध में अपने सचिव को 16 जुलाई को बैठक करने का निर्देश दिया है। हरदीप पुरी के साथ शहरी विकास योजनाओं और नागरिक उड्डयन के अन्य विषयों पर भी लंबी चर्चा हुई।
एचईसी में रह रहे परिवारों को पुनर्वासित करने की बनी सहमति
एचईसी की 306 एकड़ भूमि पर रह रहे परिवारों को पुनर्वासित करने पर सहमति बन गई है। एचईसी की जमीन पर झुग्गी- झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को 107 एकड़ भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाकर पुनर्वासित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने झारखंड भवन के निर्माण कार्य का लिया जायजा
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिल्ली में गोल मार्केट के समीप बन रहे नए झारखंड भवन के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। नया भवन नियत समय में बनकर तैयार हो जाएगा।
गढ़वा-रेहला बाईपास का निर्माण कार्य शीघ्र होगा शुरू
गढ़वा-रेहला बाईपास का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री मंत्री नितिन गडकरी के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास की गुरुवार को नई दिल्ली में हुई बैठक में इस बाबत सहमति बनी। इतना ही नहीं, गुमला बाईपास तथा बंदगांव-चक्रधरपुर पथ के शेष भाग को पूर्ण करने की सहमति तकरीबन बन गई है। केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने झारखंड से जुड़े तकरीबन एक दर्जन लंबित प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सोन नदी में पांडुका के पास वृहद पुल के निर्माण के लिए झारखंड व बिहार के समन्वय से कार्य करने पर विचार किया गया।
हजारीबाग में ग्रेड सेपरेटर का कार्य यथाशीघ्र प्रारंभ किए जाने पर भी सहमति बनी। अन्य प्रोजेक्ट में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत साहिबगंज से धामरा बंदरगाह को जोडऩे वाली 790 किमी सड़क परियोजना पर भी सहमति बनी। देवघर-बासुकीनाथ 43 किमी पथ के फोर लेनिंग का कार्य एनएचएआइ द्वारा शीघ्र प्रारंभ करने और धनबाद के गया पुल के चौड़ीकरण का कार्य स्वीकृत कर प्रारंभ किए जाने पर भी सहमति बनी। पूर्व के प्राजेक्ट संबलपुर-सुंदरगढ़-राउरकेला-खूंटी व रांची 325 किमी पथ एवं रायपुर-बिलासपुर-गुमला-रांची-बोकारो व धनबाद 707 किमी पथ की स्वीकृति व कार्यान्वयन प्राथमिकता से कराने की सहमति बनी।
 

chat bot
आपका साथी