हत्या के आरोप में सजा काट रहे पूर्व विधायक सावना लकड़ा की रिम्स में मौत

हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे रांची की खिजरी विधानसभा के पूर्व विधायक सावना लकड़ा का निधन।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Oct 2019 02:57 AM (IST) Updated:Tue, 15 Oct 2019 06:14 AM (IST)
हत्या के आरोप में सजा काट रहे पूर्व विधायक सावना लकड़ा की रिम्स में मौत
हत्या के आरोप में सजा काट रहे पूर्व विधायक सावना लकड़ा की रिम्स में मौत

रांची/नामकुम, जेएनएन । हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे रांची की खिजरी विधानसभा के पूर्व विधायक सावना लकड़ा का सोमवार शाम रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद 10 अक्टूबर को उन्हें रिम्स के मेडिसीन विभाग में डॉ. सीबी शर्मा की यूनिट में भर्ती किया गया था। डॉ. सीबी शर्मा ने बताया कि सावना को कार्डियक प्रॉब्लम के साथ सिर में पैरालाइसिस की बीमारी थी। सोमवार शाम उन्होंने खून की उल्टी की। इसके बाद शाम 5:40 बजे उनकी मौत हो गई।

मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गाव नामकुम प्रखंड के कवाली में किया जाएगा। उससे पहले उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए काग्रेस प्रदेश कार्यालय ले जाया जाएगा। संघर्ष के जरिए झारखंड की राजनीति में सशक्त पहचान बनाने वाले सावना लकड़ा दिग्गज काग्रेसी नेता और आदिवासी समाज के बडे़ चेहरे के तौर पर जाने जाते रहे हैं। आदिवासियों में सावना लकड़ा की अच्छी पैठ थी।

लोग उन्हें बाबा कहकर भी पुकारते थे। अदालत ने हत्या के मामले में 2013 में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अप्रैल 2011 को गढ़वा जिले के रंका निवासी अविनाश तिवारी की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। खूंटी के जंगल में गोलियों से भूना उसका शव मिला था। अविनाश के पिता ने बेटे की हत्या का आरोप पूर्व विधायक सावना लकड़ा पर लगाया था।

बताया गया था कि अविनाश सावना की भांजी से प्रेम करता था, जिसे वह पसंद नहीं करते थे। इस कारण अविनाश को रास्ते से हटा दिया गया। मामला दर्ज होने के कुछ दिनों बाद ही सावना ने आत्मसमर्पण कर दिया था। बाद में 2013 में उन्हें इस मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई। उनके साथ उनके दो सहयोगियों को भी यह सजा सुनाई गई थी। तब से सावना जेल में ही थे।

chat bot
आपका साथी