Garhwa Corona News: गढ़वा में एक साथ 20 कोरोना पॉजिटिव, नीचे से ऊपर तक खलबली; जानें ताजा हाल

Garhwa Corona News Update झारखंड के गढ़वा में शुक्रवार को एकसाथ कोरोना के 20 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रांची के रिम्‍स में सैंपल जांच में कोरोना मरीजों की पहचान की गई

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 08 May 2020 11:52 PM (IST) Updated:Sat, 09 May 2020 04:35 PM (IST)
Garhwa Corona News: गढ़वा में एक साथ 20 कोरोना पॉजिटिव, नीचे से ऊपर तक खलबली; जानें ताजा हाल
Garhwa Corona News: गढ़वा में एक साथ 20 कोरोना पॉजिटिव, नीचे से ऊपर तक खलबली; जानें ताजा हाल

रांची, जेएनएन। Garhwa Corona News Update झारखंड के गढ़वा में शुक्रवार को एकसाथ कोरोना के 20 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रांची के रिम्‍स में सैंपल जांच में कोरोना मरीजों की पहचान की गई। ये सभी ताजा मामले गढ़वा जिले के हैं। कुछ दिन पहले ही जांच के लिए इनके सैंपल लिए गए थे। इससे पहले गढ़वा में तीन कोरोना मरीजों का पता चला था। जिन्‍हें स्‍वस्‍थ होने के बाद अस्‍पताल से डिस्‍चार्ज कर दिया गया है। झारखंड में इसके साथ ही कोरोना मरीजों का आंकड़ा 154 पर पहुंच गया है।

गढ़वा में एक साथ 20 कोरोना मरीज मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सिविल सर्जन ने बताया कि शुक्रवार को पॉजिटिव मिले सभी मरीज प्रवासी मजदूर हैं। ये सब अभी कुछ दिन पहले ही सूरत से लौटे हैं। सभी को आइसोलेशन सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। एक साथ 20 मरीज मिलने के बाद झारखंड में भी स्‍वास्‍थ्‍य विभाग सतर्क हो गया है। बाहर से लौटने वाले सभी प्रवासी मजदूरों की जांच तेज कर दी गई है।

20 प्रवासी मजदूर मिले कोरोना पॉजिटिव

गढ़वा जिले में 20 लोगों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाये जाने के बाद जिले में हड़कंप मचा हुआ है। ये सभी प्रवासी मजदूर गढ़वा एवं पलामू जिला के रहने वाले हैं। सभी सूरत एवं गुजरात से बस बुक कर लौटे थे। सभी संदिग्ध बगैर लक्षण के थे। सूरत एवं गुजरात से लौटने के कारण जिला प्रशासन के निर्देश पर श्री बंशीधर नगर अनुमंडल प्रशासन ने सभी लोगों को यहां महदेइया निर्माणाधीन जेल में बनाये गये क्वारंटाईन सेंटर में रखा गया था।

जानकारी के अनुसार गत 6 मई को सभी 50 लोगों का सैंपल जांच के लिये भेजा गया था। शुक्रवार की रात जांच रिपोर्ट आने के बाद 20 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। रिपोर्ट आने के साथ ही जिले में हड़कंप मच गया। शुक्र है कि सभी संक्रमित मरीज किसी के संपर्क में नहीं आये हैं।

सूरत से लौटे 20 प्रवासी मजदूरों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। उसमें श्री बंशीधर नगर का 6, धुरकी का 5, मझिआंव का 1, भवनाथपुर का 1, बरडीहा का 4, खरौंधी का 2 एवं पलामू का 1 मरीज शामिल है। जिला प्रशासन के निर्देश पर क्वारंटाईन सेंटर में रखे गये सभी कोरोना पॉजिटिव मरीज को मध्यरात्रि में श्री बंशीधर नगर अनुमंडल प्रशासन ने कोविड अस्पताल मेराल में भर्ती कराया है। जिले के सिविल सर्जन डॉ एनके रजक पूरी मेडिकल टीम के साथ सुरक्षित सभी मरीजों को कोविड हॉस्पिटल ले गये।

chat bot
आपका साथी