अब जिलाध्यक्षों के भरोसे नैया पार लगाएगी कांग्रेस, उम्मीदवारों पर लेगी राय

Jharkhand. झारखंड प्रदेश कांग्रेस की सोमवार को होने वाली बैठक में राज्य के सभी जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है। इनसे महागठबंधन के खाका पर भी विचार किया जाएगा।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 28 Jul 2019 09:12 PM (IST) Updated:Sun, 28 Jul 2019 09:49 PM (IST)
अब जिलाध्यक्षों के भरोसे नैया पार लगाएगी कांग्रेस, उम्मीदवारों पर लेगी राय
अब जिलाध्यक्षों के भरोसे नैया पार लगाएगी कांग्रेस, उम्मीदवारों पर लेगी राय

रांची, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस अपने जिलाध्यक्षों को और सशक्त बनाते हुए उन्हें उम्मीदवारों के चयन से लेकर गठबंधन पर फैसले तक में शामिल करने की तैयारी कर रही है। भले ही अंतिम फैसला आलाकमान के स्तर पर हो, पार्टी यह मैसेज देना चाहती है कि फैसले में जिलाध्यक्षों के विचार अहम होंगे। इसी के तहत सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों से जिलाध्यक्षों को रांची बुलाया गया है। इसमें उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा के साथ-साथ गठबंधन के फॉर्मूले पर भी उनसे विचार लिए जाएंगे।

इसी के आधार पर विपक्षी दलों के साथ कांग्रेस आगे बढ़ेगी। इसके बाद शुक्रवार को भी कांग्रेस के जोनल प्रभारियों की अहम बैठक इन्हीं मुद्दों पर होगी। झारखंड प्रदेश कांग्रेस की अहम चुनावी बैठक सोमवार को रांची में होगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने यह बैठक बुलाई है और इसमें जिलाध्यक्षों की मौजूदगी से यह स्पष्ट हो जाएगा कि आखिर संगठन पर उनकी पकड़ कितनी है। कई बड़े नेताओं के विरोध के बीच इस बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा, गठबंधन की सीटों पर निर्णय, सदस्यता अभियान और चुनावी तैयारियों से संबंधित कई मसौदे पर चर्चा होगी।

माना जा रहा है कि प्रदेश के अधिसंख्य जिलाध्यक्ष फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष के साथ हैं। लेकिन, सोमवार को इनकी मौजूदगी महत्वपूर्ण होगी। जिलाध्यक्षों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी पार्टी चर्चा करेगी। इसी चर्चा का अहम हिस्सा होगा सदस्यता अभियान। पार्टी बूथ स्तर पर इस कार्यक्रम से युवाओं और नए मतदाताओं को जोडऩा चाहती है। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप सोमवार को ही दिया जाएगा। इस बैठक के लिए प्रदेश के अन्य वरीय नेताओं को बुलाने से संबंधित कोई सूचना बाहर नहीं पहुंची है, लेकिन तय है कि विरोधी गुट के लोग बैठक में नहीं दिखेंगे।

पीडीएस के खिलाफ 31 को सभी जिलों में महाधरना
कांग्रेस 31 जुलाई को सभी जिलों में महाधरना का आयोजन करने जा रही है। इसका आयोजन राज्य में विफल साबित हो रही पीडीएस के खिलाफ होगा। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने बताया कि इसके माध्यम से हम उन कारणों को सार्वजनिक करेंगे, जिसकी वजह से झारखंड के लोग भूखे मरने को मजबूर हैं। व्यवस्था के लाभ से वंचित करने के उन कारणों को भी पार्टी उजागर करेगी, जो कहीं न कहीं प्रदेश में भूख से मौत का कारण भी है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी