पलामू में बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता की पिटाई

एसडीपीओ मनोज महतो ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Sun, 15 Oct 2017 09:31 AM (IST) Updated:Sun, 15 Oct 2017 09:52 AM (IST)
पलामू में बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता की पिटाई
पलामू में बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता की पिटाई

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर। पलामू जिले के हुसैनाबाद स्थित एके सिंह कॉलेज में शुक्रवार शाम कुछ लोगों ने स्थानीय बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता की पिटाई कर दी। घटना तब हुई, जब दानदाताओं के बीच दानदाता प्रतिनिधि के चुनाव को ले हुई बैठक में भाग लेकर वे लौट रहे थे। इसी दौरान दानदाता सह पत्रकार उदय ओझा व दानदाता अयोध्या सिंह ने विधायक की पिटाई कर दी। इस संबंध में विधायक शिवपूजन ने हुसैनाबाद थाना में उक्त दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

विधायक ने प्राथमिकी में कहा है कि वे कॉलेज में आयोजित बैठक से लौट रहे थे। कॉलेज परिसर में ही आरोपियों सहित 40-50 अज्ञात लोगों ने उन पर अचानक रायफल और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों की मदद से वे बाल-बाल बच गए। इस मामले में एसडीपीओ मनोज महतो ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की जांच कर पुलिस कार्रवाई करेगी। जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

इधर, आरोपी उदय ओझा व अयोध्या सिंह का कहना है कि दानदाता सदस्य के चुनाव के लिए प्राचार्य ने पत्र देकर उन्हें बुलाया था। विधायक ने जानबूझकर दानदाता सदस्य के चुनाव में अड़ंगा डाला। जब इसका विरोध किया कि चुनाव नहीं कराना था तो उन्हें बेमतलब चार घंटे क्यों बैठाकर रखा गया। इससे नाराज विधायक ने उनके खिलाफ झूठा व मनगढ़ंत मामला थाने में दर्ज करा दिया। मालूम हो कि नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देश पर कालेज के प्राचार्य ने शुक्रवार की शाम बैठक बुलाई थी। इसमें दानदाता सदस्य का चुनाव किया जाना था।

बैठक में शासी निकाय के पदेन सदस्य विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, उपायुक्त के प्रतिनिधि जिला शिक्षा पदाधिकारी मीना कुमारी, कालेज प्राचार्य अशोक कुमार सिंह, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रो. महेंद्र राम, शिक्षक प्रतिनिधि मुकेश कुमार सिंह समेत एक दर्जन दानदाता उपस्थित थे। बैठक से लौटने के दौरान यह घटना हुई।

यह भी पढ़ेंः तमाशबीन बने रहे ग्रामीण और उसने बच्ची को फरसे से काट डाला

chat bot
आपका साथी