निष्ठा पूर्वक राज्य के विकास में बनूंगा सहभागी

भाजपा में शामिल होने के बाद सुखदेव भगत से खास बातचीत

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Oct 2019 06:55 PM (IST) Updated:Wed, 23 Oct 2019 06:55 PM (IST)
निष्ठा पूर्वक राज्य के विकास में बनूंगा सहभागी
निष्ठा पूर्वक राज्य के विकास में बनूंगा सहभागी

जागरण संवाददाता, लोहरदगा : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, लोहरदगा विधायक और बड़े आदिवासी नेता सुखदेव भगत ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। जिसके बाद सुखदेव भगत ने कहा है कि वे भाजपा के साथ समन्वय बनाकर निष्ठा पूर्वक राज्य के विकास में सहभागी बनेंगे। उन्होंने भाजपा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई तो कांग्रेस के विरुद्ध कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। दैनिक जागरण के लोहरदगा जिला प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा ने सुखदेव भगत से बातचीत की। पेश हैं बातचीत के अंश। सवाल- आप कांग्रेस के स्थापित नेता थे, आखिर ऐसी क्या वजह हो गई कि आपको कांग्रेस छोड़ने का निर्णय लेना पड़ा।

जवाब- कांग्रेस पार्टी की अपनी विचारधारा है उसी तरह भारतीय जनता पार्टी के अपने सिद्धांत हैं। हाल के समय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जनता के हितों के लिए बेहतर काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा किए जा रहे काम ने मुझे काफी प्रभावित किया। राष्ट्रवाद से भी मैं काफी प्रभावित हुआ, राष्ट्रीयता के बारे में सोचकर भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा के साथ जुड़कर मैं आम लोगों के विकास के लिए काम करना चाहता था इसलिए भाजपा को चुना। मैं एक राष्ट्रीय दल का नेता था, ऐसे में राष्ट्र के विकास के लिए किसी राष्ट्रीय दल के साथ ही जुड़ना था। सवाल - भाजपा में शामिल होने की कोई शर्त भी थी क्या?

जवाब - विश्वास में कोई शर्त नहीं होता। जब आप आम जनों के विकास को लेकर संकल्पित होते हैं तो आपके लिए जनता का विश्वास और जनता का विकास ही सबसे बड़ी शर्त होती है। मैंने भाजपा के समक्ष कोई शर्त नहीं रखी। सवाल - कल तक जिस मंच से आप भाजपा और उसकी नीतियों को कोसते थे, अब क्या उनके साथ समन्वय बना सकेंगे। जवाब - कांग्रेस के बारे में कोई भी टिप्पणी मैं नहीं करूंगा। वहां बहुत सारे अच्छे और सुखद अनुभव रहे। वहां भी हमेशा विकास और समस्याओं के निराकरण को मुद्दों में शामिल किया जाता है। मैंने कभी भी किसी दल विशेष की आलोचना नहीं की है। यही कारण है कि आम जनों का पूरा सहयोग मिला है। सवाल- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किस बात ने आपको प्रभावित किया। जवाब - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मविश्वास और प्रजेंस ऑफ माइंड ने काफी प्रभावित किया। नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले राष्ट्र को रखा है। इसी बात के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद करता हूं। भाजपा में शामिल होने की यही सबसे बड़ी वजह है।

chat bot
आपका साथी