मानगो में ठप रही जलापूर्ति, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो वाटर ट्रीटमेंट प्लाट के यीशु भवन स्थित पंप हाउस के खरा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Aug 2018 09:38 PM (IST) Updated:Fri, 17 Aug 2018 09:38 PM (IST)
मानगो में ठप रही जलापूर्ति, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग
मानगो में ठप रही जलापूर्ति, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो वाटर ट्रीटमेंट प्लाट के यीशु भवन स्थित पंप हाउस के खराब हो जाने के बाद शुक्रवार को जल आपूर्ति ठप रही। जल आपूर्ति नहीं होने की वजह से मानगो के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस तरस गए। जिनके घरों में सबमर्सिबल लगा था, उनको तो ज्यादा परेशानी नहीं हुई। लेकिन बस्तियों में पानी के लिए खूब मारामारी रही। लोगों ने दूरदराज जाकर कहीं से पानी का जुगाड़ किया। मानगो ब्रिज स्थित जुस्को के नलों पर दिनभर भीड़ रही और लोग साइकिल, रिक्शा, पिकअप वाहन आदि पर पानी के गैलन भर भर कर घर ले जाते रहे।

पंप हाउस में खराबी आने की वजह से गुरुवार की शाम को भी मानगो में पानी नहीं आया था। शुक्रवार को भी पानी नहीं मिलने से लोगों की दिनचर्या खराब हो गई। लोग सुबह नहा धो नहीं सके। खाना बनाने के लिए पानी लाने की मशक्कत करनी पड़ी। बस्ती इलाकों में तो पुरुष काम पर निकल गए थे। महिलाएं पानी की तलाश में इधर उधर भटक रही थीं। शकोसाई की महिला उषा देवी ने बताया कि उनके पति राजेश कुमार सुबह ही काम पर चले गए थे। घर में एक बूंद पानी नहीं था। घर से तकरीबन 600 मीटर दूर अक्षेस का एक टैंकर आया था। उस पर भी काफी भीड़ थी। बड़ी मुश्किल से एक बाल्टी पानी मिला है। कई इलाकों में तो लोगों को जलापूर्ति बंद होने की सूचना ही नहीं थी। उलीडीह बिरसा रोड पर कई महिलाएं सार्वजनिक स्टैंड पोल को घेरकर घटों पानी का इंतजार करती रहीं। बाद में उधर से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने उन्हें मानगो जलापूर्ति प्लाट के खराब होने की सूचना दी। तब जाकर ये महिलाएं पानी की तलाश में निकलीं। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मानगो में पानी की समस्या शनिवार को भी जारी रहेगी। शनिवार की शाम से जल आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।

----

जल संकट से बेहाल रहे ये इलाके

मानगो में ओल्ड पुरुलिया रोड, न्यू पुरुलिया रोड, जवाहर नगर, जाकिर नगर, चूना शाह कॉलोनी, नूर कॉलोनी, गरीब नवाज कॉलोनी, चेपा पुल के पीछे का इलाका, गुलाबबाग, कुंवर बस्ती, दाई गुट्टू, उलीडीह बिरसा रोड, उलीडीह राजा मैदान, शकोसाई, डिमना रोड, टीचर्स कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी, मुंशी मोहल्ला, पोस्ट ऑफिस रोड, कुमकुम बस्ती आदि।

---

हैंडपंप भी नहीं उगल रहे पानी

मानगो में लगे ज्यादातर हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। इन्हें ठीक नहीं कराया गया है। मानगो में तकरीबन 195 हैंडपंप हैं। इनमें से डेढ़ सौ से ज्यादा चापाकल पानी नहीं दे रहे हैं। मानगो अक्षेस के अधिकारियों का कहना है कि जल स्तर काफी नीचे चले जाने की वजह से यह हैंडपंप पानी नहीं दे रहे हैं।

-------

लगे हैं इंजीनियर, आज आ सकता है पानी

मानगो के यीशु भवन स्थित पंप हाउस से ही नदी से पानी खींच कर फिल्टर प्लाट तक पहुंचाया जाता है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के इंजीनियरों ने कोलकाता से वाल्व मंगा लिया है। वाल्व को लगाने का काम शुक्त्रवार की देर शाम शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है कि शनिवार की शाम तक पंप हाउस में वाल्व लगाने के बाद राइजिंग पाइप को ठीक कर लिया जाएगा। इसके बाद शनिवार की शाम से मानगो में जलापूर्ति शुरू हो सकती है।

-----

बस्तियों में टैंकर से पहुंचाया पानी

मानगो जलापूर्ति योजना से पानी की सप्लाई ठप होने के बाद शुक्त्रवार को मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष अधिकारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर बस्तियों और जल संकट वाले इलाकों में टैंकर से पानी पहुंचाया गया। मानगो अक्षेस ने बस्तियों में पानी पहुंचाने के लिए 17 टैंकर लगाए थे। इसके अलावा नगर प्रबंधक देवाशीष प्रधान और नगर प्रबंधक शफीकुर्रहमान के अलावा 10 कर्मचारियों को जल संकट वाले इलाकों में टैंकर से पानी पहुंचाने के लिए लगाया गया था। भाजपा नेता विकास सिंह और भाजपा उलीडीह मंडल के संतोष भगत ने बस्तियों में टैंकर के जरिए पानी पहुंचाया।

----------

chat bot
आपका साथी