लक्ष्मण व साधु के आगे झारखंड स्पोर्टिग पस्त

जागरण संवाददाता जमशेदपुर लक्ष्मण सिंह व साधु मरांडी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर स्पोि

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 Jun 2019 09:09 AM (IST) Updated:Thu, 20 Jun 2019 06:43 AM (IST)
लक्ष्मण व साधु के आगे झारखंड स्पोर्टिग पस्त
लक्ष्मण व साधु के आगे झारखंड स्पोर्टिग पस्त

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : लक्ष्मण सिंह व साधु मरांडी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय जेआरडी टाटा स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स में खेले गए प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग के एक मुकाबले में झारखंड स्पोर्टिग क्लब को 8-2 से पराजित कर दिया।

शुरुआत से ही टाटा मोटर्स के खिलाड़ी आक्रामक नजर आ रही थी। खेल के 12वें मिनट में ही लक्ष्मण सिंह ने गोल दागकर विरोधी टीम को यह जता दिया कि इस मैच में जीत की उसकी राह आसान नहीं होने वाली। गोल खाकर बौखलाई झारखंड स्पोर्टिग की सेना ने जवाबी हमला किया, लेकिन टाटा मोटर्स की रक्षा पंक्ति पहले से ही सचेत थी। अभी इस झटके से आंध्रा स्पोर्टिग क्लब उबरने का प्रयास ही कर रहा था कि लक्ष्मण ने 24वें मिनट में दूसरा गोल दे मारा। दो गोल खाने के बाद झारखंड स्पोर्टिग दबाव में नजर आने लगी। टाटा मोटर्स के रणबांकुरों ने इसका बखूबी फायदा उठाया। साधु मरांडी ने 34वें मिनट में गोल कर टीम को 3-0 से बढ़त दिला दी। सात मिनट बाद (41वें मिनट) ही लक्ष्मण ने एक बार फिर अपनी जादुई पैरों का कमाल दिखाते हुए गोल कर दिया। मध्यांतर तक टाटा मोटर्स 4-0 से आगे थी। मध्यांतर के बाद झारखंड स्पोर्टिग ने पलटवार करना शुरू किया। इसका उसे फायदा भी मिला। 50वें व 53वें मिनट में चतुर मूर्मू ने दो गोल कर विरोधी टीम को कड़ी चुनौती दी। लेकिन टाटा मोटर्स के खिलाड़ी भी पीछे हटने के मूड में नजर नहीं आ रहे थे। खेल के 58वें मिनट में साधु मरांडी ने गोल किया। लक्ष्मण सिंह ने 75वें मिनट व साधु ने 82वें मिनट में तथा जितेंद्र मुर्मू ने 88वें मिनट में गोल कर टाटा मोटर्स को 8-2 से जीत दिला दी।

खराब व्यवहार के लिए रेफरी ने टाटा मोटर्स के दामू मुर्मू को लाल कार्ड दिखाया, वहीं मोसो हेम्ब्रम को पीला कार्ड दिखाया। मैच के रेफरी मुनीराम माझी, सरकार सोरेन, अर्जुन सिंह व करण हांसदा थे।

chat bot
आपका साथी