हाथी के धक्के से ढही घर की दीवार, दबकर वृद्धा की मौत

पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा इलाके में हाथी के धक्के से एक घर की दीवार गिर गई। इसके मलबे में दबकर एक उमदराज महिला की मौत हो गई।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 26 Dec 2018 12:23 PM (IST) Updated:Wed, 26 Dec 2018 12:23 PM (IST)
हाथी के धक्के से ढही घर की दीवार, दबकर वृद्धा की मौत
हाथी के धक्के से ढही घर की दीवार, दबकर वृद्धा की मौत

घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। कोल्हान में हाथियों का उत्पात थम नहीं रहा है। हाथी यहां फसलों को रौंद रहे हैं और घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाथियों के हमले में लोगों की जान भी जा रही है। इसी कड़ी में हाथी के हमले में मौत की ताजा खबर पूर्वी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित गुड़ाबांदा प्रखंड क्षेत्र से है। यहां हाथी ने एक वृद्धा की जान ले ली।

 प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड जमा है और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। मंगलवार की रात हाथी की वजह से खेजुरदाड़ी गांव के बरूआकोचा टोला के माती सोरेन 80 वर्ष की जान चली गई। दरअसल, झुंड से एक हाथी गांव में घुस गया। लोगों ने देखा तो पटाखा फोड़कर हाथी को भगाने की कोशिश में जुट गए। भागते हुए हाथी घर के छप्पर पर रखा पुआल खाने लगा। इस क्रम में घर की दीवार गिर गई और मलबे में दबकर वृद्धा की जान चली गई।

दो बैल जख्मी

हाथी की वजह से मृतका के पड़ोसी जोगेश्वर मुर्मू का घर भी ढह गया। इससे एक बकरी का बच्चा मर गया जबकि दो बैल को गंभीर चोट लगी है। घटना की सूचना मिलते ही  रेंजर पीके गोस्वामी गांव पहुंचे और  मामले की जानकारी ली। उन्होंने तत्काल अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार दिए। रेंजर ने आश्वासन दिया कि विभागीय प्रक्रिया के तहत जो 4 लाख का मुआवजा होता है उसे नियमानुसार आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजन को वन विभाग से मिलेगा।

chat bot
आपका साथी