एक जून से बंद हो सकती है मानगो जलापूर्ति

मानगो जलापूर्ति योजना का काम देखने वाले ठेकेदार रामेश्वर शर्मा ने एक जून से मानगो जलापूर्ति का काम बंद करने की धमकी दी है

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Mon, 20 May 2019 08:02 PM (IST) Updated:Mon, 20 May 2019 08:02 PM (IST)
एक जून से बंद हो सकती है मानगो जलापूर्ति
एक जून से बंद हो सकती है मानगो जलापूर्ति

जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। मानगो जलापूर्ति योजना का काम देखने वाले ठेकेदार रामेश्वर शर्मा ने एक जून से मानगो जलापूर्ति का काम बंद करने की धमकी दी है। उनका कहना है कि अब वो पुराने रेट पर मानगो जलापूर्ति योजना नहीं चला सकते क्योंकि उन्हें बार-बार घाटा लग रहा है। वो मानवता के नाते अब तक जलापूर्ति का काम कर रहे हैं। लेकिन, अब 31 मई के बाद वो इसका काम नहीं देख पाएंगे। एक जून से सुबह छह बजे से वो काम छोड़ देंगे। 

मानगो जलापूर्ति का संचालन जब से शुरू हुआ है इसका काम ठेकेदार रामेश्वर शर्मा ही देख रहे हैं। उन्हें एक साल के लिए दो करोड़ 29 लाख रुपये में संचालन का काम मिला था। उनका आरोप है कि पहले जिस रेट पर वो संचालन का काम कर रहे हैं, वर्तमान समय में उन दरों पर ये काम संभव नहीं है। उन्हें संचालन में मुनाफा नहीं हो रहा है। यही नहीं, उन्हें आठ-नौ महीने तक भुगतान भी नहीं मिलता। इस वजह से वो पिछले साल से ही काम छोडऩे की धमकी दे रहे हैं। वित्तीय साल 2019-20 के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने मानगो जलापूर्ति योजना के संचालन के लिए नए रेट तय किए थे। इस पर टेंडर भी हो चुका है। कई बार एकल टेंडर होने के बाद आखिरकार निविदा फाइनल हुई है। 

नागपुर की कंपनी को मिला है नया टेंडर

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने मानगो जलापूर्ति योजना का संचालन करने के लिए नए रेट से नया टेंडर किया है। संचालन करने वाली एजेंसी को पांच लाख 62 हजार रुपये दिए का प्राक्कलन मानगो अक्षेस ने तैयार किया था। बाद में नागपुर की एजेंसी विश्वराज एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने तीन करोड़ 10 लाख रुपये सालाना पर संचालन का ठेका लिया है। इसके अलावा, तीन लाख 28 हजार रुपये बिजली के बिल के मद में दिए जाएंगे। नियमानुसार एक मई से नए ठेकेदार को मानगो जलापूर्ति योजना का काम संभालना था। लेकिन, अब तक पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने नई एजेंसी को मानगो जलापूर्ति का काम नहीं सौंपा है। 

मानगो में मच जाएगा हाहाकार 

ठेकेदार ने अगर जलापूर्ति का काम ठप कर दिया तो इस गर्मी में मानगो में हाहाकार मच जाएगा। मानगो की तकरीबन दो लाख की जनता इसी जलापूर्ति योजना के भरोसे है। ज्यादातर घरों में मानगो जलापूर्ति का कनेक्शन है। गर्मी के चलते अधिकांश बोङ्क्षरग फेल हो चुकी हैं। जिन घरों में बोङ्क्षरग फेल हो गई है वो लोग भी जलापूर्ति के पानी पर भी निर्भर हैं। 

तकनीकी कारणों से कुछ समस्या आ रही है। दो-चार दिन में समस्या को हल कर लिया जाएगा। 

मंतोष मणि, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग आदित्यपुर प्रमंडल 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी