चल रही किस्म-किस्म की इफ्तार पार्टी

रमजान के इस पाक महीने में अब इफ्तार पार्टी का दौर शुरू हो गया है। शहर में किस्म-किस्म की इफ्तार पार्टियां हो रही हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 May 2019 07:47 AM (IST) Updated:Wed, 22 May 2019 06:41 AM (IST)
चल रही किस्म-किस्म की इफ्तार पार्टी
चल रही किस्म-किस्म की इफ्तार पार्टी

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : रमजान के इस पाक महीने में अब इफ्तार पार्टी का दौर शुरू हो गया है। शहर में किस्म-किस्म की इफ्तार पार्टियां हो रही हैं। मुंशी मोहल्ले में इफ्तार पार्टी हुई और अब इसके बाद जुगसलाई, गोलमुरी, साकची, मानगो, धतकीडीह आदि मुस्लिम इलाकों में इफ्तार पार्टी होगी। इफ्तार पार्टी समाज को जोड़ने का काम करती हैं। रमजान में रोजादार को रोजा इफ्तार कराना सवाब है। इसलिए मुस्लिम समाज में इफ्तार पार्टी का दौर शुरू हुआ।

---

रसुखदारों की इफ्तार पार्टियां

कुछ वर्षो से इफ्तार पार्टी ने सियासी रूप धारण कर लिया। इस तरह की इफ्तार पार्टी नेता और समाज में असरदार लोग देते थे। इन इफ्तार पार्टियों का मकसद समाज में अपना असर-रसूख बढ़ाना होता है। इन इफ्तार पार्टियों में रोजेदारों को तवज्जो नहीं दी जाती बल्कि नेताओं और असरदारों की ही आवभगत होती है। उलेमा ऐसी इफ्तार पार्टियों का विरोध करते हैं। समाज में अब ऐसी इफ्तार पार्टियां कम हो रही हैं।

------

14 रमजान के बाद शुरू होता है दौर

इफ्तार पार्टियां अमूमन 14 रमजान के आसपास शुरू होती हैं। शहर में प्रमुख इफ्तार पार्टियों में मुस्लिम लाईब्रेरी की इफ्तार पार्टी, मोमिन कांफ्रेंस की इफ्तार पार्टी, सहारा सुंदरबन की इफ्तार पार्टी आदि प्रमुख हैं।

---

बच्चों की रोजा कुशाई पर इफ्तार पार्टी

पहले घरों के छोटे बच्चों की रोजा कुशाई होती थी। जब बच्चा पहला रोजा रखता था कि घर में इफ्तार का ढेर सारा सामान तैयार कर इफ्तार पार्टी दी जाती थी। घर की इस इफ्तार पार्टी में महिलाएं भी शामिल होती थीं। कुछ लोग ढेर सारा इफ्तार बना कर मोहल्ले में बांटते थे। लेकिन, अब रोजा कुशाई का दौर खत्म हो गया है।

---

मस्जिदों में रोजा इफ्तार

मजहबी मामलों के जानकार और ईमान के पक्के लोग अधिकतर मस्जिदों में रोजा इफ्तार कराते हैं। ये लोग मस्जिदों में इफ्तार का सारा सामान भेजते हैं और वहां आने वाले रोजेदार रोजा खोलते हैं। उलेमा का मानना है कि इस इफ्तार का सबसे ज्यादा सवाब है।

-----

मोहल्लों की इफ्तार पार्टी

जमशेदपुर में मोहल्लों की इफ्तार पार्टी का रिवाज अभी भी चल रहा है। गोलमुरी, साकची, धतकीडीह, जुगसलाई, बारीनगर, मानगो आदि के मोहल्लों में इफ्तार पार्टी होती है। इसका आयोजन शुरू हो गया है। इस इफ्तार पार्टी में सबसे अधिक लोग शामिल होते हैं। मोहल्ले की गली में ही रोजेदारों को बैठा दिया जाता है।

---------

अपार्टमेंट की इफ्तार पार्टी

मोहल्लों के अलावा, सोसाइटियों और अपार्टमेंट में भी इफ्तार पार्टी का आयोजन होता है। अपार्टमेंट की इफ्तार पार्टी में सभी वर्ग के लोग शामिल होते हैं।

---

chat bot
आपका साथी