खुशी, इबादत के साथ अल्लाह की रजा भी है ईद

By Edited By: Publish:Tue, 29 Jul 2014 09:43 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jul 2014 09:43 PM (IST)
खुशी, इबादत के साथ अल्लाह की रजा भी है ईद

जासं, हजारीबाग : ईद उल फित्र खुशी व इनाम के मौके के साथ इबादत का भी मौका है। ईद का त्यौहार इस्लाम से पहले भी विभिन्न कौमें मनाती थी। मगर इस जश्न को वह बदअमली, शरारत व बद फेली में गुजारते थे। पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद सल. ने ईद को मनाने का ऐसा तरीका बताया जो इबादत भी था और इसमें अल्लाह की रजा शामिल होती है। इसके साथ ही साथ इस्लाम में ईद के मौके पर अपने गरीब व बेसहारा भाईयों की मदद की भी सीख दी गई है ताकि वह भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें। यह बातें जामा मस्जिद के पेशे इमाम व शहर काजी हाफिज मो. यूनुस फैजी ने मंगलवार को ईद की नमाज से पहले अहले ईमान को संबोधित करते हुए अपनी तकरीर में कही। ईद उल फित्र के मौके पर शहर व आस-पास की मस्जिदों में भारी संख्या में अहले ईमान ने नमाज अदा की। बाद में एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इससे पहले अहले ईमान नए व साफ सुथरे लिबास पहन कर व इत्र लगाकर मस्जिद पहुंचे। ईद उल फित्र की नमाज शहर व आस-पास की सभी मस्जिदों में पूरी अकीदत और रवायती अंदाज में अदा की गई। ईद की नमाज को लेकर रोजेदारों में जबरदस्त उत्साह का माहौल था। नमाज के बाद गले मिलकर एक दूसरे को मुबारकबाद दी गई। फिर बारी आई एक दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देने की। इस मौके पर घर वालों द्वारा मेहमानों को सेवई व लच्छे सहित कई स्वदिष्ट व्यंजन परोसे गए।

अलग-अलग वक्त पर अदा हुई नमाज

हजारीबाग : ईद उल फित्र की नमाज विभिन्न मस्जिदों में अलग-अलग वक्त पर अदा की गई। जामा मस्जिद में पहली जमाअत की नमाज नौ बजे शहर काजी व पेशे इमाम हाफिज यूनुस फैजी ने पढ़ाई। दूसरी जमाअत की नमाज नायब ईमाम हाफिज मो. शमीन ने पढ़ाई। सरदार मस्जिद में हाफिज मो. हकीम, गवालटोली मस्जिद में हाफिज मो. गुलाम वारिस, अजमेरी मस्जिद में हाफिज मो. आरिफ, खीरगांव मस्जिद में हाफिज मो. अफजल, सुल्तानुल हिंद मस्जिद में हाफिज मो. वाहिद ने जमाअत और सैयद शम्सुल हसन, इंद्रपुरी मस्जिद में हाफिज मो. शकील ने दूसरी जमात की नमाज पढ़ाई। ईद उल फित्र नमाज के लिए मुख्य रूप से जामा मस्जिद, सरदार मस्जिद, ग्वालटोली मस्जिद, अजमेरी मस्जिद, खीरगांव मस्जिद, इंद्रपुरी मस्जिद, ईदगाह मस्जिद, मस्जिदे औलिया, मटवारी मस्जिद, लाखे मस्जिद, इंद्रपुरी मस्जिद, लोहसिंघना मस्जिद, सुल्तानुल हिंद मस्जिद, मंडई मस्जिद, नूरा मस्जिद, कोलघट्टी मस्जिद, पेलावल मस्जिद, रोमी मस्जिद में बड़ी संख्या में नमाज अदा की गई।

पूर्व सांसद ने दी मुबारकबाद

हजारीबगा : ईद उल फित्र के अवसर पर पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता सहित विभिन्न राजनीति दलों के लोगों ने मुस्लिम धर्मावलंबियों को मुबारकबाद दी। जामा मस्जिद में जैसे की लोग ईद की नमाज पढ़कर बाहर निकले उनके गले मिलकर मुबारक बाद पेश की। इस अवसर पर जदयू के प्रदेश महासचिव बटेश्वर प्रसाद मेहता, राजद के अधिवक्ता स्वरूप चंद जैन, झाविमो के शिव लाल महतो सहित संजय गुप्ता मौजूद थे।

बच्चों में थी विशेष उत्साह

हजारीबाग : ईद उल फित्र के अवसर पर एक ओर चारों ओर जश्न का माहौल था। वहीं विशेष रूप से बच्चों में जबरदस्त उत्साह था। बड़ों के साथ नमाज अदा बच्चे भी एक दूसरे से गले मिले और मुबारक बाद दी। नमाज के बाद विभिन्न मागों पर मेले का माहौल देखा गया। इस मौके पर व बाजारों में बच्चों ने खिलौने आदि की खूब खरीददारी की।

chat bot
आपका साथी