अधेड़ की हत्या, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

बेंगाबाद (गिरिडीह) सोनबाद पंचायत के बलीडीह निवासी 53 वर्षीय बुधन मुर्मू की नृशंस हत्या कर

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Mar 2021 05:48 PM (IST) Updated:Tue, 30 Mar 2021 05:48 PM (IST)
अधेड़ की हत्या, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
अधेड़ की हत्या, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

बेंगाबाद (गिरिडीह) : सोनबाद पंचायत के बलीडीह निवासी 53 वर्षीय बुधन मुर्मू की नृशंस हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार की सुबह इसी पंचायत के गादी रेलवे ओवरब्रिज (न्यू गिरिडीह) के पास रेलवे ट्रैक पर पाया गया। सूचना पाकर बेंगाबाद और आरपीएफ पुलिस घटनास्थल पहुंची। बेंगाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि बुधन मुर्मू रविवार की रात लगभग 10:30 बजे तक घर में ही था। रात का खाना खाने के बाद सभी घरवाले सो गए। देर रात को उसे घर में नहीं पाया गया, लेकिन स्वजनों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सोचा कि होली के अवसर पर अगल-बगल गाना-बजाना का कार्यक्रम चल रहा है। कहीं पर रुक गया होगा। जब सुबह तक भी वह घर नहीं लौटा तब उसकी खोजबीन शुरू की गई। इस बीच रेलवे कर्मी ने उस स्थान पर एक शव देखा। रेलवे कर्मी ने विभागीय अधिकारियों और निवर्तमान मुखिया संजय यादव को सूचना दी। यादव ने तत्काल बेंगाबाद पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी कमलेश पासवान, एसआइ पंकज दुबे, सुनील सिंह, उपेंद्र चौहान सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के सिर सहित अन्य भागों में जख्म के निशान हैं। शव के पास भी काफी खून गिरा था। संभावना जताई जा रही है कि शव मिले स्थान पर ही पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन इसके पूर्व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका था। इसके बाद स्वजन निवर्तमान मुखिया यादव के पास गए। यादव ने मोबाइल पर मृतक का फोटो दिखाया। उसके बड़े पुत्र साहेब राम मुर्मू ने तस्वीर देखकर उसकी पहचान अपने पिता बुधन मुर्मू के रूप में की। मृतक के चार पुत्र हैं। वह मजदूरी कर परिवार चलाता था। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी कमलेश पासवान ने कहा कि बुधन मुर्मू की हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।

chat bot
आपका साथी