सरकारी स्कूलों में छाएगी हरियाली

गिरिडीह : शिक्षा विभाग की ओर से पौधा लगाओ अभियान का संचालन किया जाना है। 1-31 जुलाई तक चलने वाले इस

By Edited By: Publish:Mon, 27 Jun 2016 09:05 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jun 2016 09:05 PM (IST)
सरकारी स्कूलों में छाएगी हरियाली

गिरिडीह : शिक्षा विभाग की ओर से पौधा लगाओ अभियान का संचालन किया जाना है। 1-31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी स्कूलों में पौधरोपण किया जाएगा। इससे जहां स्कूलों में हरियाली छाएगी, वहीं बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी आएगी। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इसे अच्छी पहल माना जा रहा है।

हरियाली शपथ के साथ होगा अभियान का आगाज : जानकारी के अनुसार 29 जून को जिले के सभी प्राथमिक, मध्य, उच्च एवं प्लस-2 उच्च विद्यालयों में हरियाली शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक आदि को शपथ दिलायी जाएगी। इसके बाद 1-31 जुलाई तक विद्यालयों में पौधा लगाओ अभियान चलेगा। इस दौरान प्रत्येक विद्यालय में पौधरोपण किया जाएगा।

बच्चों को बताया जाएगा महत्व : इस अभियान के दौरान विद्यालयों में पौधरोपण के महत्व से संबंधित निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का पाठ भी पढ़ाया जाएगा।

डीईओ ने जारी किया पत्र : जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया ने डीएसई के अलावा सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, बीईईओ, सभी प्रधानाध्यापकों एवं कस्तूरबा विद्यालयों की वार्डन को पत्र प्रेषित किया है, जिसमें इस अभियान को लेकर उन्होंने सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। अभियान के तहत किए जानेवाले सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने और इसमें जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

पौधों का हो संरक्षण : बुद्धिजीवियों का कहना है कि स्कूलों में चलनेवाला यह एक अच्छा अभियान साबित होगा। इससे न केवल हजारों पौधे लगेंगे, बल्कि इससे बच्चों में पर्यावरण और पेड़-पौधों के प्रति जागरूकता भी आएगी। यह अभियान केवल पौधा लगाने तक ही सीमित न रहे, बल्कि अभियान के दौरान लगाए जानेवाले पौधों की सुरक्षा पर भी ध्यान देना होगा। पौधों की देखरेख और सुरक्षा करनी होगी, ताकि वे पेड़ बन सकें।

chat bot
आपका साथी