राष्ट्रीय एकता ही नवोदय का उद्देश्य

गांडेय (गिरिडीह) : गांडेय प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में गुरुवार शाम को धूमधाम से वार्षिकोत्स

By Edited By: Publish:Sat, 30 Apr 2016 01:02 AM (IST) Updated:Sat, 30 Apr 2016 01:02 AM (IST)
राष्ट्रीय एकता ही नवोदय का उद्देश्य

गांडेय (गिरिडीह) : गांडेय प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में गुरुवार शाम को धूमधाम से वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस दौरान नवोदय विद्यालय में मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। वार्षिकोत्सव की शुरुआत प्राचार्य एस त्यागराजन एवं प्रमुख मनीषा पांडेय ने की। उपप्राचार्य डीके प्रसाद ने जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1985-86 में सरकारी विद्यालय की गिरती व्यवस्था पर राजीव गांधी के प्रयास से मानव संसाधन विकास मंत्रालय की पहल पर आवासीय जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना की गई थी। आज नवोदय विद्यालय की सफलता का आलम यह है कि पूरे देश में 598 नवोदय विद्यालय संचालित हैं। विद्यालय में शैक्षणिक माहौल, शिक्षा के स्तर में लगातार वृद्धि पर सरकार ने 62 और नए जवाहर नवोदय विद्यालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। नवोदय विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य शिक्षा में गुणवत्ता को आधार बनाकर राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। अच्छे अंक लाने वाले गरीब तबके के छात्र-छात्राओं को भी कंप्यूटर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, उनके जीवन स्तर में सुधार हो यही उद्देश्य है।

प्राचार्य एस त्यागराजन ने कहा कि शिक्षा के स्तर को उन्नत करने, राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना, जीवन की नींव को मजबूत करने की नवोदय विद्यालय एक प्रेरक पाठशाला है, जो जिले में ही नहीं वरन पूरे देश में परचम लहरा रहा है। प्रमुख मनीषा पांडेय ने कहा कि नवोदय विद्यालय ने गांडेय ही नहीं, वरन शिक्षा के क्षेत्र में पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रार्थना गीत, स्वागत गीत, कव्वाली, गीत, संगीत नृत्य समेत नाट्य कला प्रस्तुत की गयी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा उन्हें पुरस्कृत किया गया। उपस्थित अतिथियों को मोमेंटो प्रदान किया गया। बीडीओ कपिल कुमार, कल्याण विभाग के अधिकारी अजय कुमार, गांडेय थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार वर्मा, संगीता यादव, प्रीति कुमारी, नवाब मेंहदी हसन, बीएन दास, कृष्णा कुमार, डीएन महतो, सौरभ श्रीवास्तव, विनिता कुजूर, अरुण कुमार पांडेय आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी