भूकंप के झटके से मची अफरातफरी

गिरिडीह : जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार की सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर भूकंप के झटके से अ

By Edited By: Publish:Sat, 25 Apr 2015 07:59 PM (IST) Updated:Sun, 26 Apr 2015 04:46 AM (IST)
भूकंप के झटके से मची अफरातफरी

गिरिडीह : जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार की सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर भूकंप के झटके से अफरातफरी मच गयी। लोग अपने-अपने घरों, सरकारी कार्यालयों से पदाधिकारी, कर्मी जबकि स्कूलों से बच्चे बाहर निकल गए। भूकंप के झटके से सदर प्रखंड अंतर्गत खावा पंचायत के रानीडीह निवासी सुरेश पाठक का घर गिर गया। घर के अंदर किसी के नहीं रहने के कारण जानमाल की क्षति नहीं हुई। परातडीह में किसी की चारदीवारी तो कई लोगों के घरों में दरारें पड़ गयीं।

बताया गया कि शनिवार को लोगों ने अचानक भूकंप के झटके महसूस किए और देखते ही देखते लोग अपने घरों से बाहर दौड़ पड़े। उस समय समाहरणालय में बाल संरक्षण को लेकर बैठक चल रही थी। तभी कंपन महसूस होने पर बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारी और कर्मी समेत अन्य कार्यालयों के पदाधिकारी-कर्मी कार्यालय छोड़कर बाहर निकल गए।

कंपन होने पर सभी स्कूलों के बच्चों को भवन से सुरक्षित बाहर कर दिया गया। सदर प्रखंड अंतर्गत रानीडीह गांव निवासी सुरेश पाठक का घर भूकंप के झटके से गिर पड़ा। उसके परिजनों ने बताया कि वेलोग घर में काम लगाए हुए हैं। काम होने के बाद वे सभी दूसरे घर चले गए तभी अचानक भूकंप के झटके से घर गिर गया। उस समय नए घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था।

जमुआ : प्रखंड में शनिवार को दिन में 11:45 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। लोग अपने घरों या अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में थे, तभी जमीन डोलने लगी। तत्काल किसी को कुछ समझ में नही आया, लेकिन फिर भूकंप का अहसास हुआ तो लोग अपने-अपने घरों से बाहर भागे। भूकंप से क्षेत्र में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

गांडेय : शनिवार को आम दिनों की तरह लोग अपने-अपने घरो में जरूरी काम निपटा रहे थे। इसी बीच अचानक भूकंप का झटका महसूस किया गया। इससे लोग सकते में आ गए और भूकंप की सूचना जंगल में आग की तरह चारों ओर फैल गयी। किसी भी तरह के जान-माल की हानि की सूचना नहीं है।

निमियाघाट : थाना क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर भूकंप का हल्का झटका महसूस किया गया। करीब 11:45 बजे दिन में धरती कांपी। करीब 20-30 सेकेंड तक लोगों ने झटके महसूस किए। डुमरी सीओ प्रियंका दीप्ति कुजूर ने कहा भूकंप के झटके और एक दिन पूर्व तूफानी बारिश से जानमाल की क्षति की सूचना मिलने पर राजस्व कर्मचारी से जांच प्रतिवेदन लेकर जिला मुख्यालय को आपदा राहत के लिए भेजा जाएगा।

डुमरी : प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 11: 45 बजे सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। जानमाल की क्षति तो नहीं हुई, लेकिन कई कच्चे-पक्के मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गयीं।

सरिया : प्रखंड क्षेत्र में दिन के 11: 45 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। समाचार लिखे जाने तक पूरे प्रखंड में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

देवरी : प्रखंड में 27 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे कहीं दीवार टूटी तो कहीं कच्चे घर चटके। पूरे प्रखंड क्षेत्र में भूकंप की चर्चा दिनभर होती रही। भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल गए।

तिसरी : इस प्रखंड में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस दौरान अंचल और प्रखंड कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

chat bot
आपका साथी