पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय में महिलाओं का प्रदर्शन

By Edited By: Publish:Thu, 11 Sep 2014 01:01 AM (IST) Updated:Thu, 11 Sep 2014 01:01 AM (IST)
पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय में महिलाओं का प्रदर्शन

संसू, मधुबन (गिरिडीह) : नारी शक्ति के हुंकार से बुधवार को पीरटाड़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय थर्रा उठा। घरेलू जवाबदेही निभानेवाली ये गृहणियां न केवल सभी सरकारी कार्यालय की कार्यशैली पर अंगुली उठा रही थीं, बल्कि इसे भ्रष्ट अधिकारियों का अड्डा भी करार दे रही थीं। प्रदर्शन के दौरान कार्यरत सभी अधिकारी व कर्मचारी सहमे-सहमे चुपचाप अपने-अपने कक्ष से बाहर आ गए। बाद में थाना प्रभारी की पहल से स्थिति सामान्य हो पायी।

बताया जाता है कि बुधवार को लगभग 12 बजे प्रखंड के विभिन्न गांवों से भारी संख्या में महिलाएं प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंची। महिलाओं ने कार्यालय में व्याप्त अनियमित कार्यशैली के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। घूस के बदले घुंसा दो के नारे से कार्यालय परिसर गूंज रहा था। महिलाएं कार्यालय में चल रहे विभिन्न तरह के कार्यो को बंद करने व सभी कार्यालयों में ताला जड़ देने की माग करने लगीं। महिलाओं का कहना था कि इन कार्यालयों की कार्यशैली से लोगों को कोई फायदा नहीं मिलता है। अगर गांव से कोई व्यक्ति अपना काम कराने यहां पहुंचता है तो सबसे पहले उसकी बात नहीं सुनी जाती है। कई तरह का बहाना बनाते हुए टाल मटोल का रवैया अपनाया जाता है। महिलाएं गरीबों का नाम बीपीएल सूची में शामिल करने, राशन कार्ड होने पर भी राशन नहीं देने, नियमित रूप से राशन नहीं मिलने जैसे समस्याओं का जिक्र कर रही थीं।

भारती चलकरी की एक महिला ने बताया कि उनके नाम पर अंत्योदय कार्ड है, लेकिन पिछले पांच साल से वहीं के एक डीलर के कब्जे में है। बार-बार मांगने पर भी नहीं देता है। कार्ड के एवज में पांच सौ रुपये की माग कर रहा है। हालांकि थाना प्रभारी मौके पर पहुंच कर मामला को शांत किया। लगभग दो घटे के हो हंगामा के बाद स्थिति सामान्य हुई। बताते हैं कि ये सभी महिलाएं झारखंड महिला समाख्या सोसायटी से जुड़ी हैं।

chat bot
आपका साथी