अभी तक मैदान में 21 सूरमा हैं डटे

By Edited By: Publish:Mon, 24 Mar 2014 08:04 PM (IST) Updated:Mon, 24 Mar 2014 08:04 PM (IST)
अभी तक मैदान में 21 सूरमा हैं डटे

गिरिडीह : लोकसभा चुनाव के लिए कोडरमा संसदीय क्षेत्र से नामांकन करनेवाले प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी सोमवार को हुई। सभी प्रत्याशियों की उपस्थिति में आब्जर्वर एपीएस बिर्क, जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त दीप्रवा लकड़ा एवं आरओ सह एसी रवींद्र कुमार सिंह ने नामांकन पत्रों की जांच की। एक-एक कर हुई नामांकन पत्रों की जांच के क्रम में किसी में भी गड़बड़ी नहीं पायी गयी।

आरओ श्री सिंह ने बताया कि कोडरमा लोस क्षेत्र के लिए कुल 21 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान सभी सही पाए गए। एक भी नामांकन पत्र रद नहीं हुआ। इस तरह सभी 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बने रहेंगे, वैसे नामवापसी की अंतिम तिथि 26 मार्च है।

ये प्रत्याशी हैं मैदान में : बता दें कि 21 प्रत्याशियों में ज्यादातर ऐसे प्रत्याशी हैं जो पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। कई प्रत्याशी राजनीति के माहिर खिलाड़ी हैं और कई बार लोस चुनाव लड़ चुके हैं। कांग्रेस प्रत्याशी तिलकधारी प्रसाद सिंह छठी बार चुनाव लड़ रहे हैं। भाकपा माले के राजकुमार यादव तीसरी जबकि झाविमो के प्रणव वर्मा एवं सपा के जयदेव चौधरी दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इसके अलावा झाविद के सूरज मंडल भी कई बार चुनाव लड़ चुके हैं। कोडरमा से पहली बार मंडल चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के रवींद्र कुमार राय, आजसू के नजरूल हसन हाशमी, बसपा के विशेश्वर प्रसाद, जदयू के कृष्णा सिंह, आप के विजय चौरसिया, फाब्ला के रघुनंदन विश्वकर्मा, तृणमूल कांग्रेस की मंजू कुमारी समेत निर्दलीय प्रत्याशी कंचन कुमारी, रामेश्वर प्रसाद यादव, योगेंद्र राम, फलजीत महतो, जलील अंसारी, मनोज कुमार सिंह, शिवनाथ साव, महेंद्र दास एवं मुस्तकीम अंसारी पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी