झारखंड: आकाशीय बिजली गिरने से एक साथ 8 लोगों की मौत- 20 घायल Garhwa News

Jharkhand. गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र के लोहरपुरवा गांव में गुरुवार को दिन के करीब एक बजे वज्रपात की घटना हुई। एक घंटे बाद वज्रपात की एक अन्‍य घटना में 18 छात्राएं घायल हो गईं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Thu, 12 Sep 2019 02:23 PM (IST) Updated:Thu, 12 Sep 2019 10:37 PM (IST)
झारखंड: आकाशीय बिजली गिरने से एक साथ 8 लोगों की मौत- 20 घायल Garhwa News
झारखंड: आकाशीय बिजली गिरने से एक साथ 8 लोगों की मौत- 20 घायल Garhwa News

गढ़वा, जासं। गढ़वा में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से कई परिवारों पर दुख का पहाड़ गिर पड़ा है। जिले में वज्रपात से एक साथ आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। घायलों में 18 छात्राएं भी शामिल हैं। गुरुवार को जिले के विभिन्न इलाकों में एक घंटे के अंतराल में वज्रपात की दो घटनाएं हुईं। पहली घटना दोपहर एक बजे हुई। जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर मझिआंव थान क्षेत्र के चंद्री गांव के लोहरपुरवा टोला में महुआ पेड़ के नीचे 10 लोग बारिश से बचने के लिए रुके हुए थे।
इसी दौरान हुई वज्रपात से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। दोनों घायलों का मझिआंव रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गढ़वा रेफर कर दिया गया है। सभी मृतक चंद्री तथा लोहरपुरवा के निवासी हैं। मृतकों में श्रवण चौधरी के दो पुत्र कृष्णा चौधरी (15) तथा सोनू चौधरी (18), मुरारी पटवा के पुत्र अंतू पटवा (16), राजेश चौधरी के पुत्र शुभम कुमार चौधरी (20), बबलू लाल चौधरी के पुत्र पवन कुमार (18), गोपाल चौधरी के पुत्र सुनील चौधरी (24) तथा उपेंद्र चौधरी के पुत्र राजू चौधरी (25) शामिल हैं।

वहीं गंभीर रूप से घायल राजन पटवा के दो पुत्र रौशन पटवा तथा राजू पटवा का इलाज सदर अस्पताल गढ़वा में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमा राहत कार्य में जुट गया। घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। साथ ही दूसरे एंबुलेंस से मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. नंद किशोर रजक के नेतृत्व में चिकित्सकों की टोली घायलों के इलाज में जुटी रही। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार, मझिआंव के बीडीओ अमरेन डांग, सीओ राकेश सहाय, गढ़वा बीडीओ जागो महतो, सीओ जेके मिश्रा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।

दूसरी घटना जिले के खरौंधी में हुई। यहां दोपहर पौने दो बजे उवि खरौंधी के भवन पर वज्रपात की चपेट में आकर 18 छात्राएं घायल हो गईं। शिक्षक और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राइवेट क्लिनिक कादरी में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 8 छात्राओं को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर रेफर कर दिया गया है।
इधर, राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गढ़वा में वज्रपात से हुई आठ लोगों की मौत पर दु:ख जताया है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये मुआवज़ा देने का निर्देश दिया है। इससे पहले बुधवार को भी जिले में वज्रपात में एक व्यक्ति की जान चली गई थी। अकलवानी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से नगीना राम पिता स्वर्गीय शंकर राम की मौत हो गई थी। इसके अलावा तीन अन्य बबलू राम, रामलाल भुंइया और खजुरी गांव निवासी प्रभा देवी पति नंदकिशोर बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीनों लोग अपनी खेत में लगे धान की फसल देख कर आ रहे थे। इसी बीच तेज बरसात शुरू हो गई। तीनों कुछ समझ पाते तभी वज्रपात हो गई और मौके पर ही नगीना राम की मौत हो गई।
'जिले के क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में वज्रपात की घटना से 9 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 23 लोग घायल हैं। सभी मृतक के आश्रितों को 24 घंटे के भीतर सरकारी प्रावधान के तहत 4-4 लाख रुपये का भुगतान कर दिया जाएगा।' -हर्ष मंगला, उपायुक्त, गढ़वा।
यह भी पढ़ें: झारखंड में वज्रपात का कहर, रेलवे इंजीनियर समेत 10 की मौत Ranchi News
यह भी पढ़ें: झारखंड में दो दिनों में वज्रपात से 14 की मौत, कई जख्मी Ranchi News

chat bot
आपका साथी