आधी रात में घर पहुंचा मनोज का शव

By Edited By: Publish:Tue, 22 Apr 2014 10:22 PM (IST) Updated:Tue, 22 Apr 2014 10:22 PM (IST)
आधी रात में घर पहुंचा मनोज का शव

नगर उंटारी : गढ़वा-चिनियां पथ में टेंपो दुर्घटना में मारे गए चौथे युवक 32 वर्षीय मनोज राम का शव सोमवार की आधी रात रांची से नगर उंटारी टोला टीकर स्थित उसके घर लाया गया। मनोज का शव आते ही उसके घर सहित टोले पर एक बार पुन: कोहराम मच गया।

मंगलवार की सुबह गोसाईबाग स्थित बांकी नदी तट पर मनोज का दाह संस्कार किया गया। मुखाग्नि पिता चंद्रिका राम ने दी। बताते चलें कि गत रविवार को टीकर टोला निवासी रामाधार चंद्रवंशी के पुत्र विश्वनाथ वर्मा की शादी की बरात मेराल थाना के पेंदली गांव जा रही थी। चालक सहित 11 बराती एक टेंपो पर सवार थे। टेंपो पर सवार बराती सहित चालक भी शराब के नशे में धुत थे। रास्ते में तसरार स्कूल के समीप एक मोड़ पर चालक ने अपना संतुलन खो दिया और टेंपो पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दो बराती की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। एक की मौत अस्पताल ले जाते समय और दूसरे मनोज की मौत इलाज के दौरान रांची में हो गई। मनोज को सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स भेजा था। जहां सोमवार की सुबह 8 बजे मनोज ने दम तोड़ दिया। रात करीब डेढ़ बजे मनोज का शव घर लाया गया। तीन मृतकों का सामूहिक दाह संस्कार सोमवार को ही कर दिया गया था।

बताते चलें कि मनोज वर विश्वकांत का रिश्ते में चाचा था। मनोज शादीशुदा दो बच्चों का पिता था। वह पल्लेदारी कर घर का खर्च चलाता था। शव घर आने की सूचना पर विधायक प्रतिनिधि राजेश प्रताप देव, भरदुल चंद्रवंशी, भाकपा माले नेता कामेश्वर विश्वकर्मा, नंदुलाल श्रीवास्तव, भुखु राम, कृष्णा राम,राजीव कुमार आदि घर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

chat bot
आपका साथी