होमगार्ड के हत्यारोपी गोलू ने किया आत्मसमर्पण

दुमका : होमगार्ड के जवान विमल मरांडी की हत्या के मुख्य आरोपित शिवपहाड़ के गोलू ¨सह ने स

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Feb 2018 07:47 PM (IST) Updated:Mon, 19 Feb 2018 07:47 PM (IST)
होमगार्ड के हत्यारोपी गोलू ने किया आत्मसमर्पण
होमगार्ड के हत्यारोपी गोलू ने किया आत्मसमर्पण

दुमका : होमगार्ड के जवान विमल मरांडी की हत्या के मुख्य आरोपित शिवपहाड़ के गोलू ¨सह ने सोमवार को दोपहर बाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं दूसरे आरोपित लड्डू केशरी को भी पुलिस ने जेल भेजा। शनिवार शाम को जवान की बीच सड़क पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी रोजलीना हांसदा के बयान पर दोनों को नामजद आरोपित बनाया था।

आरोपित के सरेंडर करने के बाद बड़ी संख्या में लोग नगर थाना पहुंचे और सत्यता की जानकारी ली। सरेंडर की बात सही साबित होने के बाद सभी एसडीओ राकेश कुमार से मिले और हत्या के विरोध में 21 फरवरी को बाजार बंद और आक्रोश रैली निकालने का निर्णय लिया।

रविवार को सड़क जाम के बाद समाज के लोगों ने प्रशासन को मुख्य आरोपित गोलू की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का समय दिया था। शाम से पुलिस लगातार गोलू की तलाश में छापेमारी कर रही थी। पिता बसंत ¨सह पर दबाव डाला गया। पुलिस की लगातार कार्रवाई से परेशान होकर गोलू ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपित के सरेंडर की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग नगाड़ा बजाते हुए नगर थाना पहुंचे और पुलिस पर आरोपित को दिखाने का दबाव बनाया। वे सरेंडर की बात मानने के लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि सरेंडर करने वाला गोलू नहीं कोई दूसरा है। नगर थाना की पुलिस से पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही सभी थाने से बाहर निकले।

बैठक में आश्रित को हर संभव मदद की मांग

हत्या के विरोध में समुदाय के लोगों ने एसपी कॉलेज मैदान में बैठक की और प्रशासन से मांग की कि मृतक के आश्रित को 15 लाख मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, दोनों बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा दी जाए। बैठक में ही पता चला कि लड्डू केशरी के जेल जाने के बाद फरार मुख्य आरोपी गोलू ¨सह ने भी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।

पत्ता घुमाकर बंदी का एलान

होमगार्ड जवान की हत्या के विरोध में छात्र और समुदाय के लोग हाथ में पत्ता लेकर एसडीओ राकेश कुमार से मिलने उनके कार्यालय गए। सभी ने आवेदन देकर कहा कि 21 फरवरी को एक दिन के लिए बाजार बंद किया जाएगा और चक्का जाम रहेगा। जनाक्रोश रैली भी निकाली जाएगी। कहा कि जब होमगार्ड का जवान सुरक्षित नहीं है तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकती है। सदस्यों ने हाथ में लिया पत्ता दिखाकर बंदी का एलान किया। पत्ता समाज के लिए किसी भी आंदोलन का सूचक माना जाता है।

गोलू को पुलिस लेगी रिमांड पर

विमल मरांडी की हत्या में शामिल दोनो आरोपी भले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं लेकिन अभी तक हत्या का कारण पहेली ही बना हुआ है। लड्डू जेल जाने से पहले तक अपने को निर्दोष बताता रहा। उसका कहना था कि हत्या के समय वह बाजार से सामान लेकर आ रहा था। उसका इस कांड से कोई लेना देना नहीं है। जबकि गोलू अदालत की शरण में चला गया। इस कारण उससे पूछताछ नहीं की जा सकी। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर यह जानने का प्रयास करेगी कि विमल की हत्या क्यों की गई। इसके पीछे कौन सा कारण था।

हत्याकांड के दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। कारण जानने के लिए गोलू ¨सह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने समय सीमा के अंदर दोनों आरोपितों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

रामपूजन ¨सह, प्रभारी पुलिस निरीक्षक, नगर थाना, दुमका

chat bot
आपका साथी