विश्वविद्याल के मुख्यद्वार पर जड़ा ताला

By Edited By: Publish:Tue, 16 Sep 2014 06:52 PM (IST) Updated:Tue, 16 Sep 2014 06:52 PM (IST)
विश्वविद्याल के मुख्यद्वार पर जड़ा ताला

दुमका : सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में मंगलवार को छात्रों ने जमकर बवाल किया। वे इटर कॉलेज फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए विश्वविद्यालय द्वारा राशि नहीं दिए जाने से आक्रोशित थे। गुस्साए छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। तालाबंदी से पहले छात्रों ने प्रतिकुलपति डॉ.रामयतन प्रसाद समेत सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को विवि परिसर से जबरन बाहर निकाल दिया था। छात्र मुख्य गेट के समक्ष धरना पर बैठ गए और दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इतना ही नहीं गुस्साए छात्रों ने एसपी कॉलेज के शारीरिक शिक्षक अशोक यादव को एनसीसी रूम में करीब एक घंटा तक बंधक बनाए रखा।

जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय के अधीन सभी कॉलेज के बीच इटर कॉलेज दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत मंगलवार से होने वाली थी। उद्घाटन सुबह आठ बजे निर्धारित था। कॉलेज छात्र निर्धारित समय पर मैदान पहुंच गये थे, लेकिन उनके पास जर्सी, बूट, फुटबॉल, पेंट आदि सामग्री खरीदने के लिए विश्वविद्यालय से राशि नहीं दी गई। परिणामस्वरूप टूर्नामेंट शुरू नहीं हुआ। इससे भड़के छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे और हंगामा करने लगे।

छात्र नेता श्यामदेव हेम्ब्रम, संजीत किस्कू आदि ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन खेलकूद के प्रति पूरी तरह लापरवाह है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। जब तक दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक विश्वविद्यालय में तालाबंदी रहेगी।

सभी कॉलेज के खेलकूद मद में इतनी राशि रहती है कि इस तरह के आयोजन के लिए वह राशि दे सकते हैं। लेकिन कॉलेजों ने ऐसा नहीं किया। क्या वजह थी, इसकी जांच होगी। इस मामले में संबंधित कॉलेजों से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा।

प्रो.डॉ.रामयतन प्रसाद

प्रतिकुलपति, सिदो-कान्हू विवि

----------------

विश्वविद्यालय को कॉलेजों द्वारा चार सितम्बर को ही उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया था। इसके बाद भी राशि निर्गत नहीं करना पदाधिकारियों की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

अशोक यादव

शारीरिक शिक्षक

chat bot
आपका साथी