सीएम से मुलाकात नहीं होने पर महिला ने फोड़ा अपना माथा, लगे विधायक राज सिन्हा मुर्दाबाद के नारे Dhanbad News

खून बहने लगा तो डीएसपी मुकेश कुमार समेत और पुलिस वाले सहम गए। महिला को सीएम से मिलने के लिए भेजा गया। सर के पिछले हिस्से में चोट लगने के कारण महिला लडख़ड़ाते हुए परिसदन के भीतर गई।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 09:51 AM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 09:51 AM (IST)
सीएम से मुलाकात नहीं होने पर महिला ने फोड़ा अपना माथा, लगे विधायक राज सिन्हा मुर्दाबाद के नारे Dhanbad News
सीएम से मुलाकात नहीं होने पर महिला ने फोड़ा अपना माथा, लगे विधायक राज सिन्हा मुर्दाबाद के नारे Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। धनबाद सर्किट हाउस के बाहर बुधवार की देर रात हंगामा बरपा। अंदर मुख्यमंत्री रघुवर दास भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति बना रहे थे तो बाहर होम गार्ड के जवान हंगामा कर रहे थे। इसी बीच एक महिला ने खुद ही अपना माथा फोड़ लिया। वह मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होने पर व्यथित थी। होमगार्ड जवानों ने किया जोरदार हंगामाः होमगार्ड का प्रशिक्षण नहीं दिए जाने से नाराज जवानों ने बुधवार की रात धनबाद परिसदन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा के खिलाफ जम कर नारेबाजी की गई। राज सिन्हा मुर्दाबाद के नारे लगते रहे। होमगार्ड का प्रशिक्षण पाने की मांग उठा रहे जवानों के तेवर देख परिसदन का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। परिसदन के भीतर मुख्यमंत्री थे। प्रदर्शनकारियों के उग्र्र तेवर देख डीएसपी मुकेश कुमार के चेहरे पर हवाइयां उड़ती दिखी।

धनबाद परिसदन के मुख्य द्वार पर भाजपा का तोरण द्वार बनाया गया है। इस पर विधायक राज सिन्हा का नाम लिखा है। प्रदर्शनकारियों ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिसदन के प्रमुख राज्यपाल होते हैं। पार्टी के नाम पर स्वागत द्वार बना दिया गया। यह बात उठी तो डीएसपी मुकेश कुमार धीरे से पीछे हट गए। इसी बीच प्रदर्शनकारियों के बीच से कुछ लोग परिसदन के भीतर गए। मुख्यमंत्री को अपनी मांगों से अवगत कराया। वार्ता होने के बाद आंदोलनकारी ने परिसदन के मुख्य द्वार को खुलने दिया।

महिला को मेयर ने दिया आश्वासनः ग्यारह महीने से जमीन के विवाद को सुलझाने के लिए उपायुक्त अमित कुमार, एसएसपी किशोर कौशल, गोविंदपुर सीओ, बरवाअड्डा थानेदार समेत कई सरकारी अफसरों के पास जा जाकर तंग आ चुकी ठाकुर कुल्ही की महिला बबिता देवी बुधवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास को फरियाद सुनाने आई। उस वक्त होमगार्ड के प्रशिक्षण के लिए धनबाद परिसदन के सामने प्रदर्शन हो रहा था। पुलिस के लोगों ने मुख्य द्वार खोलने से मना कर दिया। बबिता देवी सीएम से मिलने के लिए पुलिस अफसर से लेकर जवानों से गुहार लगाती रही। पुलिस अफसर ने महिला को धक्का दिया। धैर्य खो चुकी महिला ने परिसदन के लोहे के मुख्य गेट से अपना माथा फोड़ लिया।

खून बहने लगा तो डीएसपी मुकेश कुमार समेत और पुलिस वाले सहम गए। महिला को सीएम से मिलने के लिए भेजा गया। सर के पिछले हिस्से में चोट लगने के कारण महिला लडख़ड़ाते हुए परिसदन के भीतर गई। उस वक्त मुख्यमंत्री अपने कमरे में चले गए। बबिता देवी से धनबाद नगर निगम के मेयर चंद्रशेखर अग्र्रवाल ने आवेदन लिया। बबिता देवी की शिकायत थी कि किसी ने उनकी जमीन को अंचल कार्यालय में रजिस्टर टू में अपने नाम पर दर्ज करा लिया है। मेयर ने आश्वासन दिया कि उन्हें इंसाफ दिलाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी