Jharkhand BJP: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को दी नसीहत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बताया अगंभीर

अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनजातीय मामले के मंत्री होने के नाते बीते नौ महीने में उन्होंने झारखंड को मिलने वाली रकम में कमी होने नहीं दी है। इसके बावजूद पिछले कुछ महीने में आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार बढऩा वाकई दुखद है।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 21 Oct 2020 08:28 AM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 08:28 AM (IST)
Jharkhand BJP: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को दी नसीहत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बताया अगंभीर
धनबाद सर्किट हाउस में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ता।

धनबाद, जेएनएन। केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को नसीहत दी है। मुंडा ने यह नसीहत दास द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ अमार्यादित टिप्पणी के बाद दी है। उन्होंने कहा है कि राजनीति में जुबान फिसलना कतई ठीक नहीं है। जुबान फिसलने के परिणाम गंभीर हो जाते हैं। दूसरी तरफ मुंडा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी आड़े हाथों लिया है। कहा है कि वे केंद्र के खिलाफ बचकानी बातें कर रहे हैं। झारखंड के विकास के प्रति गंभीर नहीं हैं।

भाजपा की राजनीति में अर्जुन-रघुवर एक दूसरे के विरोधी

बेरमो विधानसभा उपचुनाव प्रचार के दाैरान पूर्व सीएम रघुवर दास वर्तमान सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ कुछ ज्यादा ही बोल गए थे। हालांकि बाद में रघुवर दास ने कहा कि उनकी जुबान फिसल गई थी। मंगलवार की रात अर्जुन मुंडा बेरमो में चुनाव प्रचार के बाद रात्रि विश्राम के लिए धनबाद आए। इस दाैरान रघुवर दास के बयान पर ध्यान दिलाए जाने पर मुंडा ने रघुवर दास को नसीसत दे डाली। झारखंड भाजपा की राजनीति में अर्जुन मुंडा और रघुवर दास एक-दूसरे के विरोधी माने जाते हैं। 

देश को अंधेरा करने की बात शोभा नहीं देता

डीवीसी और झारखंड के बीच बकाया बिजली बिल को लेकर उठे विवाद पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गंभीर नहीं हैं। वे डीवीसी की बकाया रकम की कटौती पर बचकानी बातें कर रहे हैं। कोयला रोक देने और देश में अंधेरा करने जैसी बातें कहना सरकार चलाने वाले व्यक्ति को कतई शोभा नहीं देता। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच के विषय बेहद गंभीर होते हैं। अगर सार्वजनिक उपक्रम का बकाया है तो सरकार को इसका प्रबंधन करना है। केंद्र सरकार पर आरोप मढऩे से कुछ हासिल होने वाला नहीं है।  

आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार बढऩा वाकई दुखद

अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनजातीय मामले के मंत्री होने के नाते बीते नौ महीने में उन्होंने झारखंड को मिलने वाली रकम में कमी होने नहीं दी है। इसके बावजूद पिछले कुछ महीने में आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार बढऩा वाकई दुखद है। 

सिर्फ नौ महीने में चरमरा गई सूबे की अर्थव्यवस्था

अर्जुन मुंडा ने कहा कि सिर्फ नौ महीने में सूबे की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। राज्य सरकार ने सारी योजनाएं रोक दी है। केंद्रीय योजनाओं को भी सही तरीके से लागू नहीं किया जा रहा है। विकास की चाह में झारखंड के लोग फिर भाजपा की ओर उन्मुख हैं। बेरमो और दुमका में एनडीए गठबंधन जरूर जीतेगा।

chat bot
आपका साथी