महाराष्ट्र में बारिश से झारखंड रूट की ट्रेनें भी प्रभावित; थाने में रुक गई मुंबई मेल, लेट खुलेगी आसनसोल साप्ताहिक स्पेशल

वाया धनबाद चलने वाली हावड़ा-मुंबई मेल को रास्ते में ही रोक दिया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तक जानेवाली ट्रेन थाने में ही रोक दी गई। दादर और मुंबई तक जानेवाले यात्रियों को थाने में उतर कर दूसरा विकल्प तलाशना पड़ा।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 09 Jun 2021 01:42 PM (IST) Updated:Wed, 09 Jun 2021 01:42 PM (IST)
महाराष्ट्र में बारिश से झारखंड रूट की ट्रेनें भी प्रभावित; थाने में रुक गई मुंबई मेल, लेट खुलेगी आसनसोल साप्ताहिक स्पेशल
मुंबई में बारिश के पानी के बीच खड़ी लोकल ट्रेन ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। महानगरी मुंबई में हुई जोरदार बारिश का असर रेल सेवा पर पड़ा है। गया-धनबाद और जसीडीह-आसनसोल होकर चलने वाली ट्रेन भी प्रभावित हुई हैं। इस कारण मुंबई का सफर करने वाले झारखंड के रेल यात्री भी परेशान हैं। कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं तो कुछ को बीच में ही टर्मिनेट कर दिया गया है। रेल यात्री लगातार मुंबई रूट की ट्रेनों का अपडेट जानने में लगे हुए हैं। इस बाबत रेलवे की तरफ से ट्वीट कर सूचनाएं दी जा रही हैं ताकि यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बारिश शुरू होते ही मायानगरी में ट्रेनों के पहिए लड़खड़ाने लगे हैं। बारिश की वजह से रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से बुधवार को हावड़ा-मुंबई मेल को रास्ते में ही रोक दिया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तक जानेवाली ट्रेन थाने में ही रोक दी गई। दादर और मुंबई तक जानेवाले यात्रियों को थाने में उतर कर दूसरा विकल्प तलाशना पड़ा। रेलवे ने नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम पर इससे जुड़ा अपडेट जारी कर दिया है। ऐसी संभावना है कि बुधवार की रात मुंबई से खुलकर धनबाद होकर चलने वाली मुंबई मेल भी थाने से ही खुलेगी। यानी मुंबई और दादर के यात्रियों को थाने आकर इस ट्रेन की सवारी करनी होगी। हालांकि रेलवे ने इससे जुड़ी सूचना अभी जारी नहीं की है। दूसरी ओर, मुंबई-आसनसोल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी समय पर नहीं खुल सकी। रेलवे ने दिन के 11:05 पर खुलने वाली ट्रेन का समय बदल दिया है। अब मुंबई से आसनसोल की ट्रेन दोपहर 2:30 पर खुलेगी। मध्य रेलवे की ओर से ट्वीट कर इसकी सूचना शेयर की गई है।

𝑳𝒐𝒏𝒈 𝒅𝒊𝒔𝒕𝒂𝒏𝒄𝒆 𝒕𝒓𝒂𝒊𝒏𝒔 𝑹𝒆𝒔𝒄𝒉𝒆𝒅𝒖𝒍𝒆𝒅 / 𝑹𝒆-𝑹𝒆𝒔𝒄𝒉𝒆𝒅𝒖𝒍𝒆𝒅 pic.twitter.com/IZfEiNyFK1

— Central Railway (@Central_Railway) June 9, 2021

बताया गया है कि सियॉन और कुर्ला के बीच अत्यधिक बारिश की वजह से मुंबई-थाने मेन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। कुछ अन्य रूटों की ट्रेनें भी रोक दी गई हैं। इससे मुंबई से चलने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को संशोधित समय पर चलाने का निर्णय लिया गया है। सुबह हुई बारिश से ही रेल सेवा बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है। अब अगर दिनभर बारिश होती रही तो रात में खुलने वाली कुछ और ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं।

chat bot
आपका साथी