कोयलांचल में कड़ाके की ठंड से अब तक छ: की मौत, जिला प्रशासन गंभीर नहीं Dhanbad News

पूरा कोयलांचल कड़ाके की ठंड की चपेट में है। गुरुवार को ठंड से टुंडी में दो बुजुर्ग की मौत की मौत हो गई। जिले में छह लोगों की मौत हो चुकी है इसके बाद भी प्रशासन गंभीर नहीं है।

By MritunjayEdited By: Publish:Fri, 03 Jan 2020 11:42 AM (IST) Updated:Fri, 03 Jan 2020 11:44 AM (IST)
कोयलांचल में कड़ाके की ठंड से अब तक छ: की मौत, जिला प्रशासन गंभीर नहीं Dhanbad News
कोयलांचल में कड़ाके की ठंड से अब तक छ: की मौत, जिला प्रशासन गंभीर नहीं Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। इन दिनों पूरा कोयलांचल कड़ाके की ठंड की चपेट में है। गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बरसात होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, बादल हटते ही इसमें 5 से 6 डिग्री तक गिरावट होने का अनुमान है। वहीं रोजी-रोटी व आवश्यक काम से निकलने वाले लोगों को ठंड अपनी चपेट में ले रही है। इसी के क्रम में गुरुवार को ठंड से टुंडी में दो बुजुर्ग की मौत हो गई। 

दक्षिणी टुंडी के बेगनारिया निवासी समरू महतो (70 वर्ष) बुधवार तक ठीक थे। वे शाम को शौच के लिए तालाब गए थे। वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। रात में कंपकंपी शुरू हो गई। इसके बाद परिजनों ने अलाव जलाकर उन्हें राहत देने की कोशिश की, मगर उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इस बीच परिजन घरेलू इलाज करते हुए सुबह होने का इंतजार करने लगे। लेकिन गुरुवार की अहले सुबह समरू की मौत हो गई।

इधर पश्चिमी टुंडी के पलमा में बेटी घर आई सुकुरमुनी मंझियान (59 वर्ष) की ठंड से मौत हो गई। वह अपने गांव विशनपुर पीरटांड़ से पलमा गांव के बिरजू हेम्ब्रम के घर बुधवार को आई थी। बिरजू ने बताया कि रात में खाने बाद दो बार शौच के लिए निकली थी। गुरुवार सुबह उठने के बाद कांपने लगी। घरेलू उपचार के बाद ससुराल वालों को सूचना दी गई। इस दौरान इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, चिकित्सक ने दोनों के ठंड से मरने की पुष्टि नहीं की है। दोनों के परिजन ठंड से मौत होने की बात कह रहे हैं। ठंड से अबतक जिले में छह लोगों की मौत हो चुकी है, इसके बाद भी प्रशासन राहत दिलाने का प्रयास नहीं कर रहा है।

ठंड से इनकी हो चुकी है मौत

29 दिसंबर : पूर्वी गोविंदपुर की बरवा पूर्व पंचायत के खड़काबाद निवासी यमुनावाला दासी (78 वर्ष) की मौत।

29 दिसंबर : को भूली डी ब्लॉक निवासी बीसीसीएल कर्मी तारा देवी (58)

30 दिसंबर: कलियासोल प्रखंड की आंखद्वारा पंचायत बड़बाड़ी आदिवासी टोला निवासी महादेव हेम्ब्रम की मौत।

31 दिसंबर: आंखद्वारा पंचायत के कुंभकार टोला निवासी सुभाष कुंभकार (50 वर्ष) की मौत

बादल हटते ही तापमान में 5 से 6 डिग्री तक गिरावट का अनुमान : बस दो दिन और उसके बाद एक बार फिर न्यूनतम पारा 8 से 9 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। इसके साथ ही कड़ाके की ठंड भी लौटेगी। दो-तीन दिनों से आसमान में बादल छाए रहने की वजह से ठंड में थोड़ी कमी आई है। न्यूनतम पारा 14 और अधिकतम 21 तक पहुंच चुका है। बादल हटते ही इसमें 5 से 6 डिग्री तक गिरावट होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चार जनवरी तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान धनबाद समेत आसपास के हिस्से में हल्की बूंदाबांदी भी होगी। गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर फुहार बरसती रही। इसके बाद फिर बादलों ने डेरा जमा लिया।

ठंड से बचने के लिए बनाए रखें शरीर का तापमान : सदर प्रभारी डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने कहा कि ठंड से बचने के लिए शरीर के तापमान को बनाए रखें। वृद्ध व बच्चों को सुबह व शाम में निकलने नहीं दें। गर्म कपड़े, पैर में मोजा, हाथ में दस्ताने, गर्म ऊनी टोपी पहने। गरम पेय पदार्थ लें। गरम खाना खाएं।

मंगलवार तक का संभावित तापमान

शुक्रवार न्यूनतम 13 अधिकतम 18

शनिवार न्यूनतम 11 अधिकतम 19

रविवार न्यूनतम 10 अधिकतम 20

सोमवार न्यूनतम 9 अधिकतम 21

मंगलवार न्यूनतम 9 अधिकतम 21 

chat bot
आपका साथी