Jharkhand News: मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कोरोना से जंग में सहयोग नहीं करने का लगाया आरोप

सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोरोना से जंग में केंद्र सरकार अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही है। सहयोग ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। इसके बावजूद झारखंड कोरोना से मजबूती से लड़ रहा है।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Sun, 04 Oct 2020 10:33 PM (IST) Updated:Sun, 04 Oct 2020 10:33 PM (IST)
Jharkhand News: मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कोरोना से जंग में सहयोग नहीं करने का लगाया आरोप
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता। (फाइल फोटो)

गिरिडीह, जेएनएन। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोरोना से जंग में केंद्र सरकार अपेक्षित सहयोग नहीं कर रही है। सहयोग ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। इसके बावजूद झारखंड कोरोना से मजबूती से लड़ रहा है। केंद्र के मंत्री सिर्फ भाषण दे रहे हैं। अर्थ व्यवस्था चौपट हो चुकी है। भाजपा शासित राज्यों में बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं है। भाजपा सरकार ने झारखंड में सिर्फ ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए योजनाएं बनवाई थीं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड कोरोना से मजबूती से लड़ रहा है। यही कारण है कि यहां मरीजों के स्वस्थ होने का ग्राफ बेहतर है। झारखंड में रिकवरी रेट 86.43 फीसद है। इसे और बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। निजी अस्पतालों में कोरोना की जांच पहले 47 सौ रुपये में होती थी, अब इसके लिए 15 सौ रुपये तय है। निजी अस्पतालों में मनमानी वसूली पर अंकुश लगाया गया है। यदि कहीं से शिकायत मिलती है तो संबंधित अस्पताल का निबंधन रद कर दिया जाएगा। आयुष्मान योजना के बारे में कहा कि इससे गरीबों का बहुत भला हुआ है।

राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री रहे हाजी हुसैन अंसारी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मधुपुर जाने के दौरान बन्ना गुप्ता रविवार को गिरिडीह के सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब थे। मंत्रियों के रिम्स के बजाय निजी अस्पतालों में इलाज कराने के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी को भी कहीं भी इलाज कराने का व्यक्तिगत अधिकार है। इसका मतलब यह नहीं है कि रिम्स की व्यवस्था में गड़बड़ी है। मैंने खुद अपना इलाज रिम्स में कराया। आज स्वस्थ होकर आपके बीच में हूं। रिम्स की व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। जो खामियां हैैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी