Jharkhand Police: दुष्कर्म की घटनाओं पर डीजीपी ने हेमंत सरकार का किया बचाव, कहा-आईना दिखाने वाले पहले अपना चेहरा देखें

झारखंड के पुलिस महानिदेशक एमवी राव सोमवार दोपहर धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाईपट्टी पर हेलिकॉप्टर उतरने के बाद डीजीपी को धनबाद पुलिस की तरफ से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एसएसपी असीम विक्रांत मिंज समेत पुलिस-पदाधिकारियों ने डीजीपी का स्वागत किया।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 19 Oct 2020 02:52 PM (IST) Updated:Mon, 19 Oct 2020 04:50 PM (IST)
Jharkhand Police: दुष्कर्म की घटनाओं पर डीजीपी ने हेमंत सरकार का किया बचाव, कहा-आईना दिखाने वाले पहले अपना चेहरा देखें
धनबाद सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते झारखंड के डीजीपी एमवी राव।

धनबाद, जेएनएन। एक सप्ताह के अंदर साहिबगंज और दुमका में सामूहिक दुष्कर्म के बाद दो आदिवासी नाबालिग छात्राओं की हत्या को लेकर मुख्य विपक्षी पार्टी-भाजपा झारखंड की हेमंत सरकार पर हमलावर है। दोनों घटनाओं को लेकर सरकार और पुलिस की किरकिरी हो रही है। इस मुद्दे पर हेमंत सरकार और पुलिस का बचाव करते हुए झारखंड के डीजीपी एमवी राव ने एक नेता की तरह पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि झारखंड की विधि व्यवस्था सामान्य है। किसी एक घटना से पूरे राज्य की विधि व्यवस्था खराब नहीं हो जाती। 33 साल से पुलिस विभाग में हूं। पहले भी कब, कहां और किस तरह की घटनाएं हुई हैं, सब जानता हूं। आईना दिखाने की कोशिश करने वालों को पहले खुद का आईना देख लेना चाहिए। 

किसी एक घटना से पूरे राज्य की विधि-व्यवस्था का खराब नहीं कहा जा सकता

झारखंड के पुलिस महानिदेशक एमवी राव सोमवार दोपहर धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाईपट्टी पर हेलिकॉप्टर उतरने के बाद डीजीपी को धनबाद पुलिस की तरफ से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एसएसपी असीम विक्रांत मिंज समेत पुलिस-पदाधिकारियों ने डीजीपी का स्वागत किया। इसके बाद वह धनबाद सर्किट हाउस पहुंचे। वह धनबाद में पुलिस विभाग की समीक्षा करने पहुंचे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए विधि व्यवस्था के सवाल पर झारखंड पुलिस का बचाव किया। साफ कहा कि विधि-व्यवस्था सामान्य है। एक-दो घटना को लेकर जो लोग विधि व्यवस्था को खराब बता रहे हैं वो बचाने के लिए स्वतंत्र हैं। उनका निजी विचार हो सकता है। जिसको जो समझना है समझें।

 

गड़बड़ी करेगा उसे कुचल देंगे

डीजी ने कहा कि पुलिस किसी के दबाव में काम नहीं करती।  झारखंड पुलिस निष्पक्ष व योजनाबद्ध तरीके से मेहनत कर रही है। राज्य भर में सभी प्रकार के अपराध पर अंकुश लगाए जा रहे हैं। चाहे दुष्कर्म का मामला हो या रंगदारी का या फिर संप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने कोशिश का, सभी मामलों में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पुलिस सरकारी नौकर है, राजनीतिक बयानबाजी नहीं कर सकती है, जिनको जो समझना है वह समझे। यही पुलिस पहले भी काम करती रही है और आज भी कर रही है। सोचने का नजरिया बदला है। पुलिस कानून सम्मत कार्रवाई करती है और करती रहेगी कोई इस भ्रम में ना रहे, गड़बड़ी करनेवालों को पुलिस पूरी शक्ति के साथ कुचल देगी। डीजीपी ने यह भी कहा कि धनबाद में पुलिसकर्मियों की कमी संसाधन की कमी समेत कई बिंदुओं पर  बैठक करेंगे और पुलिस की समस्या को दूर करेंगे।।

chat bot
आपका साथी