Dhanbad Coronavirus News Update: भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष सावित्री का निधन, एक दिन में माैत का बना रिकॉर्ड; जानें ताजा हाल

Dhanbad Coronavirus News Update धनबाद जिला भाजपा की पूर्व उपाध्यक्ष और नगर निगम की निवर्तमान पार्षद सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्हें सांस लेने में परेशानी थी। कोरोना जैसे लक्षण थे। बीसीसीएल के सेंट्रल अस्पताल में इलाज चल रहा था।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 01 May 2021 08:50 AM (IST) Updated:Sat, 01 May 2021 08:50 AM (IST)
Dhanbad Coronavirus News Update: भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष सावित्री का निधन, एक दिन में माैत का बना रिकॉर्ड; जानें ताजा हाल
भाजपा धनबाद जिला कमेटी की पूर्व उपाध्यक्ष सावित्री पासवान ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update कोरोना वायरस की दूसरी लहर धनबाद में कहर ढा रही है। यहां कोरोना से माैत का नया रिकॉर्ड बना है। पिछले 24 घंटे में 13 लोगों की माैत हो गई है। यह एक दिन में माैत की सबसे अधिक संख्या है। इसके साथ ही शुक्रवार को 129 नए लोग  संक्रमित भी पाए गए। अब तक शहरी इलाके में कहर बरपा रहा वायरस अब ग्रामीण इलाकों तक फैल गया है। शुक्रवार को संक्रमित लोगों में 10 तोपचांची के दयाबांसपहाड़ गांव के हैं जबकि छह भेलाटांड़ के। टुंडी बाजार के भी छह लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनके अलावा भूली के पांच व सरायढला के नौ लोग भी संक्रमित मिले। मृतकों में बैंकमोड़, बरमसिया, भेलाटांड़, भूली, हीरापुर, जोड़ाफाटक, कोयला नगर, जंगलपुर, देवली, निरसा बाजार, बागसुमा, कुमारडुबी व चिरकुंडा के एक-एक व्यक्ति हैं। संक्रमितों में एसएनएमएमसीएच में आरटीपीसीआर से तीन को चिह्नित किया गया। ट्रू नाट से 71 व रैपिड किट से 45 संक्रमित चिह्नित किए गए। निजी अस्पतालों में आरटीपीसीआर जांच से भी 10 संक्रमितों का पता चला।

धनबाद निवासी दिल्ली में प्राध्यापक की कोरोना से माैत

धनबाद निवासी विधानचंद्र पाठक का दिल्ली में कोरोना से निधन हो गया। विधान दिल्ली विश्वविद्यालय में प्राध्यापक थे। उनके भाई व कांग्रेस नेता विकास पाठक ने बताया कि विधान की एक तीन साल की पुत्री व पत्नी है। वे कोयला नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय के छात्र थे। कॉलेज की पढ़ाई पीके राय मेमोरियल क़ॉलेज से की थी। वे पहले मुंबई विश्वविद्यालय के भी प्राध्यापक रह चुके थे।

166 ने कोरोना को दी मात

शुक्रवार को कोरोना वायरस को हराकर 166 व्यक्ति स्वस्थ हुए हैं।उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती 112 व होम आइसोलेशन में 54 व्यक्तियों ने कोरोना वायरस को हराया है। सभी पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं। अस्पताल से सभी को हेल्थ किट प्रदान कर सम्मान के साथ डिस्चार्ज कर 14 दिनों के होम कोरेंटिन में उनके घर भेज दिया गया है।

नगर निगम की निवर्तमान पार्षद सावित्री का निधन

धनबाद नगर निगम के वार्ड नंबर 9 की निवर्तमान पार्षद सह भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य सावित्री देवी का निधन शुक्रवार को सेंट्रल हॉस्पिटल धनबाद में हो गया। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। उनके पति सुरेश पासवान गोपालीचक कोलियरी से सेवानिवृत्त हुए हैं। सावित्री देवी काफी मिलनसार एवं मृदुभाषी होने के कारण लगातार दूसरी बार पार्षद चुनाव जीती थी। निधन की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य एवम शुभचिंतक हॉस्पिटल से लेकर गोपालीचक स्थित उनके आवास पर पहुंचे। शोक संवेदना व्यक्त करने वालो में ग्रामीण एकता मंच के अध्यक्ष बबलू सिंह, अनिल शर्मा, तेजबहादुर सिंह, भोला शर्मा, दिलीप सिंह, रंजन सिन्हा, देवाशीष पासवान, महावीर पासी, राम विलास राम, लखीदेवी पासवान, शिवनंदन पासवान, उत्पल झा, बिनोद सिंह, राजेश भारती आदि शामिल हैं। उनका दाह संस्कार तेलमच्चो दामोदर नदी के घाट पर किया गया। सावित्री धनबाद भाजपा की एससी चेहरा थी। पूर्व जिला कमेटी में उपाध्यक्ष का दायित्व था। 

इंसिडेंट कमांडरों की प्रतिनियुक्ति

कोरोना हॉटस्पॉट बने क्षेत्रों के लिए इंसिडेंट कमांडरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया कि कोरोना हॉटस्पॉट बने धनबाद, सरायढेला, बैंक मोड़, धनसार, ईस्ट बसुरिया तथा भूली एवं गोंदुडीह ओपी के लिए इंसीडेंट कमांडरों की प्रतिनियुक्ति की गई है।धनबाद थाना के लिए सीओ धनबाद प्रशांत कुमार लायक, सरायढेला के लिए डीटीओ ओम प्रकाश यादव, बैंक मोड़ के लिए बीडीओ धनबाद उदय रजक, धनसार के लिए निदेशक डीआरडीए मो. मुमताज अली अहमद, ईस्ट बसुरिया के लिए कार्यपालक पदाधिकारी, नगर निगम मो. अनीश, भूली ओपी एवं गोंदुडीह ओपी के लिए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेहा कश्यप को इंसिडेंट कमांडर प्रतिनियुक्त किया है।

रेलवे स्टेशन पर मिले 6 पॉजिटिव यात्री

शुक्रवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर चलाए गए जांच अभियान में 1243 रेल यात्रियों की जांच की गई। इनमें छह पॉजिटिव मिले। वहीं बस स्टैंड पर चलाए गए जांच अभियान में 327 यात्रियों की जांच की गई जिनमें कोई भी पॉजिटिव नहीं मिला।

chat bot
आपका साथी