विस्थापितों व स्थानीय बेरोजगारों के हक में आवाज बुलंद

गोविदपुर (बेरमो) आजसू पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को डीवीसी के बोकारो थर्म

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 07:45 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 07:45 PM (IST)
विस्थापितों व स्थानीय बेरोजगारों के हक में आवाज बुलंद
विस्थापितों व स्थानीय बेरोजगारों के हक में आवाज बुलंद

गोविदपुर (बेरमो) : आजसू पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) का गेट जाम कर विस्थापितों व स्थानीय बेरोजगारों के हक में आवाज बुलंद की। नेताओं-कार्यकर्ताओं ने लगभग छह घंटे तक प्रदर्शन कर ठेका कंपनियों के अधिकारियों-कामगारों को पावर प्लांट के अंदर जाने नहीं दिया। बीटीपीएस प्रबंधन ने पांच दिसंबर को वार्ता करने का आश्वासन दिया, तब यह आंदोलन समाप्त किया गया।

आंदोलन का नेतृत्व पार्टी के बेरमो प्रखंड अध्यक्ष मंजूर आलम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के निर्देश पर यह आंदोलन कर डीवीसी प्रबंधन को चेतावनी दे दी गई है कि स्थानीय विस्थापितों व बेरोजगारों को बोकारो थर्मल पावर प्लांट में कार्य करा रही ठेका कंपनियों में रोजगार देना होगा, अन्यथा चरणबद्ध आंदोलन झेलना पड़ेगा।

अब प्रबंधन की नहीं चलने दी जाएगी मनमानी :

आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि अब विस्थापितों व स्थानीय बेरोजगारों का हक मारने का मौका डीवीसी प्रबंधन को नहीं दिया जाएगा। यदि विस्थापितों व स्थानीय युवा को रोजगार नहीं दिया जाएगा, तो ठेका कंपनियों का काम नहीं चलने दिया जाएगा। विस्थापितों को वाजिब अधिकार व बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए अब आजसू पार्टी ने आंदोलन का आगाज कर दिया है। अब प्रबंधन की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। अगर पांच दिसंबर को होने वाली वार्ता में विस्थापितों व स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने की दिशा में डीवीसी प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाएगी तो उसके बाद चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

बाहर से मजदूर लाने का बंद किया जाए प्रपंच :

आजसू पार्टी के प्रवक्ता बबलू तिवारी ने कहा कि स्थानीय विस्थापितों की जमीन पर यहां डीवीसी के पावर प्लांट स्थापित हैं। इसके बावजूद स्थानीय बेरोजगारों को काम के लिए भटकना पड़ रहा है। बोकारो थर्मल पावर प्लांट में ठेका कंपनियां बाहर से मजदूर लाकर काम कराने का प्रपंच बंद करें और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार दें, अन्यथा उन कंपनियों को यहां से खदेड़ दिया जाएगा। आजसू पार्टी के बेरमो प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णा महतो ने कहा कि यहां के अधिकतर विस्थापित व युवा बेरोजगार हैं। यहां के विस्थापित वर्षों से अपने अधिकार पाने को संघर्षरत हैं। जबकि बाहर के लोगों को यहां लाकर काम कराया जा रहा है, अब यह नहीं होने दिया जाएगा। यदि डीवीसी प्रबंधन विस्थापितों व स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार नहीं देगा, तो अनिश्चितकालीन गेट जाम कर प्लांट का कार्य ठप करा दिया जाएगा।

मौके पर सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, आजसू पार्टी के बेरमो प्रखंड उपाध्यक्ष रिजवान अहमद एवं कोषाध्यक्ष रंजन महतो सहित सागर तुरी, गोविद यादव, सुरेश महतो, सीताराम महतो, महेश देशमुख, विक्की कुमार महतो, दीपू अग्रवाल, संतोष उजागर, महादेव महतो, पप्पू कुमार, मनोज कुजूर, मोहन महतो, बैजनाथ यादव, डेगलाल प्रजापति, ज्ञानदीप महतो, चंद्रशेखर महतो, उमेश राम, अनिल ठाकुर, कौशल यादव, सैफी अकरम आलम, मुमताज अंसारी, नवाब रिसालत, नईम, सोनू, दीपक कुमार, गुड्डू आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी