रामपुर क्षेत्र में गिरे बर्फ के फाहे, सेब के लिए संजीवनी

उपमंडल रामपुर में रविवार को एक बार फिर से बर्फ के फाहे गिरे जिससे सेब बागवानों के चेहरे खिल गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Jan 2022 04:53 PM (IST) Updated:Sun, 23 Jan 2022 04:53 PM (IST)
रामपुर क्षेत्र में गिरे बर्फ के फाहे, सेब के लिए संजीवनी
रामपुर क्षेत्र में गिरे बर्फ के फाहे, सेब के लिए संजीवनी

संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : उपमंडल रामपुर में रविवार को एक बार फिर से बर्फ के फाहे गिरने से किसान व बागवान खुश दिखे। पहले हिमपात के दौरान कम ऊंचाई वाले सेब बाहुल इलाकों में बागवानों ने अपने जरूरी कार्यो को निपटाया था, लेकिन रविवार को हुए हिमपात से ऊंचाई वाले क्षेत्रों के किसान और बागवान खुश हैं। यहां पर हुआ हिमपात सेब के लिए संजीवनी से कम नहीं है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इन दिनों बागवान बगीचों में सेब के नए पौधों को रोपने के अलावा अन्य कामकाज को निपटा रहे हैं। यहां पर बर्फ गिरने से बगीचों में काफी समय तक नमी रहेगी और यह नमी किसी संजीवनी से कम नहीं है। रामपुर उपमंडल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक फीट के करीब हिमपात हुआ है, लेकिन कुछ जगह हिमपात के साथ बारिश होने से बर्फ पिघलने की सूचना है, लेकिन जमीन को मौजूदा समय में काफी नमी मिलती जा रही है, जिसका फायदा बागवानों को आने वाले समय में मिलेगा। इस हिमपात से बगीचों में सेब के पौधों को कई बीमारियों से भी छुटकारा मिलेगा। रामपुर उपमंडल में एक माह के अंतराल में यह दूसरी बार बर्फ गिरी है। इससे बागवानों व किसानों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सेब और अन्य फसलों की पैदावार अच्छी होगी।

रामपुर उपमंडल में हर साल कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जुलाई में सेब की फसल तैयार होकर मंडियों में जानी शुरू हो जाती हैं, लेकिन मई व जून में यदि क्षेत्र में ओलावृष्टि जैसे हालात नहीं बनते हैं तो यह हिमपात बागवानों को काफी राहत दे सकता है।

chat bot
आपका साथी