Himachal Weather Update: बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, 265 सड़कें बंद

Snowfall In Himachal. शिमला और कुल्लू में ताजा बर्फबारी के बाद गाड़ियों की आवाजाही बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 17 Jan 2020 06:19 PM (IST) Updated:Fri, 17 Jan 2020 06:19 PM (IST)
Himachal Weather Update: बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, 265 सड़कें बंद
Himachal Weather Update: बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, 265 सड़कें बंद

शिमला/कुल्लू, जेएनएन। Snowfall In Himachal. हिमाचल में बर्फबारी के कारण शीतलहर तेज हो गई है। लोगों को सुबह व शाम कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शिमला और कुल्लू में ताजा बर्फबारी के बाद गाड़ियों की आवाजाही बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

शिमला से कुफरी, नारकंडा व खड़ापत्थर के लिए शुक्रवार को यातायात बंद रहा। यातायात को दोपहर दो बजे के बाद बहाल किया जा सका। प्रदेश में 265 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। सबसे अधिक सड़कें शिमला जोन में बंद हैं जिन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुल्लू जिला में फिर बर्फबारी होने के कारण जनजीवन ठहर सा गया है। वीरवार शाम से मौसम ने करवट बदली। इससे निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। इस कारण कुल्लू जिला में 50 से अधिक मार्ग बंद हो गए हैं।

बर्फबारी होने के कारण तापमान में भी भारी गिरावट आ गई है। इस कारण घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पिछले दिनों हुई बर्फबारी से अभी तक जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है कि एक बार फिर हिमपात ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगती पहाड़ी बिजली महादेव, भेखली के अलावा मनिकर्ण, बंजार की तमाम पहाडिय़ों में हिमपात होने के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है।

पर्यटन स्थल रोहतांग, राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, राहलाफाल व गुलाबा, कोठी व सोलंगनाला में हिमपात हुआ है। लाहुल स्पीति के जिला मुख्यालय केलंग, कोकसर, सिस्सू, गोंधला, मूलिंग, गोशाल, जिस्पा, दारचा, जाहलमा व उदयपुर में भी बर्फबारी हुई है।

बारिश व बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग ने 18 जनवरी को प्रदेश के ऊंचे व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। प्रदेश में 19 जनवरी को मौसम साफ रहने और 20 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी व बारिश हो सकती है।

जानें, कहां कितनी सड़कें बंद

शिमला जोनः 187

मंडी जोनः 43

कांगड़ा जोनः 32

राष्ट्रीय राजमार्गः 2

राज्य राजमार्गः 1

जानें, कहां कितना रहा तापमान

स्थान, न्यूनतम, अधिकतम

केलंग,-10.3,-0.3

कल्पा,-4.2,1.4

कुफरी,-1.8,3.2

डलहौजी,-0.8,4.8

मनाली,0.2,8.5

शिमला,0.6,9.5

सोलन,3.0,16.2

कांगड़ा,8.9,18.5

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

हिमाचल की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी