सीसीटीवी कैमरे की मदद से खुले में कूड़ा फेंकते पकड़ा

जागरण संवाददाता, शिमला : स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए देशभर म

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Nov 2018 06:57 PM (IST) Updated:Sat, 17 Nov 2018 06:57 PM (IST)
सीसीटीवी कैमरे की मदद से खुले में कूड़ा फेंकते पकड़ा
सीसीटीवी कैमरे की मदद से खुले में कूड़ा फेंकते पकड़ा

जागरण संवाददाता, शिमला : स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए देशभर में अभियान चला। कई संस्थाओं ने भी अपने स्तर पर जागरूकता लाने का प्रयास किया, लेकिन खुले में कूड़ा फेंकने की लोगों की आदत छूटने का नाम नहीं ले रही है। या फिर यूं भी कहा जा सकता है कि लोग खुद को सुधारने के लिए राजी ही नहीं हैं।

शिमला शहर के भट्टाकुफर में एक व्यक्ति खुले में कूड़ा फेंकते सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज नगर निगम की सर्विलेंस टीम ने देखी और उस व्यक्ति की पहचान की। अब उक्त व्यक्ति ने गलती कबूल ली है। वह चम्याणा क्षेत्र का रहने वाला है। नगर निगम द्वारा उसे जुर्माना किया जाएगा। इसका फैसला सोमवार को होने वाली नगर निगम की बैठक में लिया जाएगा। हालांकि इस मामले के सामने आने से एक बात तो साफ है कि जब तक लोग जागरूक नहीं होंगे स्वच्छ भारत का सपना पूरा होना मुश्किल है।

------------

आठ जगहों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

शिमला में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, जंगलों और नालों में कचरा फेंकने वालों पर नकेल कसने के लिए शहर के चार स्थानों पर नगर निगम ने सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। चार अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम चल रहा है। हालांकि नगर निगम ने इस स्थानों को सार्वजनिक नहीं किया है। सेनेटरी इंस्पेक्टरों ने इन जगहों का चयन किया है जहा आए दिन लोग कूड़ा फेंक रहे हैं। नगर निगम के अनुसार शहर में कई लोग ऐसे हैं जो नगर निगम को कूड़ा देने की बजाय खुले में कचरा फेंक रहे हैं। इससे गंदगी फैल रही है।

------------

सोमवार को देखी जाएंगी अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज

शिमला शहर के अन्य तीन स्थानों की सीसीटीवी फुटेज नगर निगम सोमवार को खंगालेगा। इसमें जो लोग पकड़े जाएंगे, उनकी तस्वीरें मीडिया में जारी कर सार्वजनिक की जाएंगी। आरोपितों को जुर्माना भी किया जाएगा।

-------------

शिमला शहर में स्वच्छता व सफाई व्यवस्था बनाए रखने की मुहिम के तहत सर्विलेंस टीमों का गठन किया गया है। इस कड़ी के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भट्टाकुफर क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंकते एक व्यक्ति की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उक्त व्यक्ति चम्याणा क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-कुसुम सदरेट, महापौर नगर निगम शिमला।

chat bot
आपका साथी