वन माफ‍िया पर शिकंजा, एक साल में खुलेगा खेल विश्‍वविद्यालय, जानिए मंत्री राकेश पठानिया की योजना

Minister Rakesh Pathania मंत्री राकेश पठानिया का कहना है वन माफ‍िया पर शिकंजा कसा जाएगा व एक साल में खेल विश्‍वविद्यालय खोला जाएगा।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Sun, 02 Aug 2020 09:07 AM (IST) Updated:Sun, 02 Aug 2020 09:07 AM (IST)
वन माफ‍िया पर शिकंजा, एक साल में खुलेगा खेल विश्‍वविद्यालय, जानिए मंत्री राकेश पठानिया की योजना
वन माफ‍िया पर शिकंजा, एक साल में खुलेगा खेल विश्‍वविद्यालय, जानिए मंत्री राकेश पठानिया की योजना

धर्मशाला, जेएनएन। वनभूमि का बेहतर उपयोग कर प्रदेश के राजस्व को बढ़ाने के साथ युवाओं को जोड़ा जाएगा जिससे उन्हें रोजगार दिलाया जा सके। बेरोजगार युवाओं के लिए बहुत बड़ी समस्या है और इसके साथ प्रदेश सरकार की आय को बढ़ाना महत्वपूर्ण है। इन दोनों लक्ष्यों के साथ नशे की गर्त में फंस रहे युवाओं को बाहर निकालने के लिए उनके कौशल को खोज कर खेल विश्वविद्यालय स्थापित कर निखार लाया जाएगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा गोल्ड मेडल प्रदेश में आएं। यह बात नवनियुक्त वन व युवा एवं खेल विभाग के मंत्री राकेश पठानिया ने 'दैनिक जागरण' के संवाददाता यादवेन्द्र शर्मा को साक्षात्कार के दौरान कही। प्रस्तुत हैं साक्षात्कार के अंश।

आपकी चाहत स्वास्थ्य विभाग के मंत्री की थी। वन और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग मिलने पर क्या प्राथमिकता रहेगी?

स्वास्थ्य विभाग मिलता तो कुछ और बात होती। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को उस मुकाम पर पहुंचाना था जहां आम आदमी चाहता है। मुख्यमंत्री जयराम और हाईकमान ने जो मुझ पर विश्वास जताया है और जिम्मेदारी सौंपी है उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास रहेगा। एक साल में प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय को स्थापित करना सबसे पहली प्राथमिकता है। इससे प्रदेश में खेल को नई उंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा। प्रदेश में युवा खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है उन्हें मौके की जरूरत है और ऐसी प्रतिभाओं को खोजा निकाला जाएगा। खेल विश्वविद्यालय में मुफ्त शिक्षा के साथ खेल प्रतिभा विकसित की जाएगी।

नई खेल नीति के लिए क्या करेंगे?

ऐसी खेल नीति बनाएंगे जिससे प्रदेश के प्रतिभावान युवा अधिक से अधिक गोल्ड मेडल लाएं। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को बुलंदियों पर पहुंचाएं। हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी व वॉलीबॉल जैसे खेलों में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है। नई खेल नीति में प्रदेेश के हर कौन से प्रतिभा को खोजने और खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाओं के साथ उनके बेहतर भविष्य को देखकर बनाया जाएगा।

वन विभाग महत्वपूर्ण विभागं है। वनों को रोजगार से जोडऩे और आय बढ़ाने के लिए क्या किया जाएगा?

सरकार की आय को बढ़ाना और बेरोजगार युवाओं को इससे जोडऩा प्राथमिक लक्ष्य है। वनों में बेकार पड़ी जमीन का उपयोग वहां टेंट लगाकर ईको टूरिज्म जैसी गतिविधियों को बढ़ाना है। इससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा और राजस्व भी बढ़ेगा। युवाओं को वनों से ज्यादा से ज्यादा जोड़ा जाएगा जिससे वनों को सुरक्षित करने के साथ वनों के अधीन आने वाली भूमि को बढ़ाया जाएगा। चीड़ की पत्तियों से कोयला बनाया जाएगा। इससे वनों की आग को रोका जा सके और उनका उपयोग हो।

वनों का अवैध कटान और माफिया सबसे बड़ी समस्या है। इसके लिए क्या किया जाएगा?

वन माफिया पर पूरी तरह से शिकंजा कसा जाएगा। सख्त कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय वन समितियों के साथ वहां के युवाओं को जोड़ जंगलों की सुरक्षा की जाएगी। प्रदेश सरकार ने वनों के अवैध कटान को रोकने के लिए प्रयास किए हैं और इस दिशा में और कदम उठाए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी