लीडर नहीं डीलर करते डील : धूमल

जागरण संवाददाता, हमीरपुर : लीडर किसी बात की डील नहीं करते हैं। ये काम डीलर का है। पूर्व मुख्यमंत्री

By Edited By: Publish:Sun, 29 Nov 2015 01:01 AM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2015 01:01 AM (IST)
लीडर नहीं डीलर करते डील : धूमल

जागरण संवाददाता, हमीरपुर : लीडर किसी बात की डील नहीं करते हैं। ये काम डीलर का है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को हमीरपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से उनका निमंत्रण मिलने पर ही ओकओवर गए थे। वहां पर जनता के हितों को लेकर ही चर्चा हुई, ताकि विधानसभा सत्र के दौरान सरकार का हर पहलु साकारात्मक रहे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर चुकी है। विधानसभा सत्र के दौरान भ्रष्टाचार प्रमुख मुद्दा होगा। धर्मशाला में भाजपा एक विशाल रैली भी करने जा रही है। जिसके माध्यम से मुख्यमंत्री से त्याग पत्र मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, मंडी व सुंदरनगर के साथ लगते जिलों से प्रत्येक मंडल से 200-200 भाजपा कार्यकर्ता रैली में भाग लेंगे। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव घोषणा पत्र में जो वादे जनता से किए थे वह एक भी पूरा नहीं किया है। सरकार के तीन साल पूरे हो रहे हैं, लेकिन बेरोजगारी का आंकड़ा 12 लाख से अधिक बढ़ गया है। बेरोजगारी भत्ता आजतक किसी को नहीं मिला है। स्कूलों में दो वर्ष से अटल स्कूल वर्दी योजना ठप पड़ी है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की 4-9-14 का लाभ 2006 से देने का वादा पूरा नहीं हुआ। पेंशनरों को तीन वर्ष टीए डीए की किस्त तक नहीं मिली है। किसानों व बागवानों से किया वादा पूरा नहीं हुआ। धूमल ने कहा कि विधानसभा सत्र में हम चाहेंगे कि सरकार इस पर प्रस्ताव लाए। अन्यथा भाजपा विधायक दल ऐसा प्रस्ताव लाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदौलत हिमाचल को विशेष राज्य का दर्जा मिला है। धूमल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। मुख्यमंत्री के आवास पर चोरी हो जाए तो चोरों का शीघ्र पता लगा लिया जाता है और भगवान रघुनाथ की मूर्ति चोरी का भी सेटलाइट से चोरों का पता लगा लिया जाता है लेकिन आम आदमी के घर में चोरी हो जाए तो पुलिस को चोरों का पता क्यों नहीं चल पाता। भाजपा पंचायत चुनाव को लेकर तैयार है।

chat bot
आपका साथी