डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेम में शामिल होंगे खली

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से संबंधित द ग्रेट खली उर्फ दलीप सिंह राणा डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेम में शामिल होंगे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Mar 2021 07:45 PM (IST) Updated:Fri, 26 Mar 2021 07:45 PM (IST)
डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेम में शामिल होंगे खली
डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेम में शामिल होंगे खली

वीरेंद्र ठाकुर, धर्मशाला

डब्ल्यूडब्ल्यूई (व‌र्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट) ने 'हॉल ऑफ फेम क्लास-2021 के लिए हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से संबंध रखने वाले रेसलर द ग्रेट खली उर्फ दलीप सिंह राणा को शामिल करने का फैसला लिया है। खली को यह समाचार उनके पूर्व मैनेजर रंजन सिंह ने दिया। यह सुनकर ग्रेट खली भावुक हो गए। इनके साथ जाने-माने रेसलर अंडरटेकर व केन को भी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है।

यह जानकारी इंस्टाग्राम पर डब्ल्यूडब्ल्यूई इंडिया ने साझा की। इस समारोह का आयोजन छह अप्रैल को अमेरिका में आयोजित किया जाएगा जो टीवी व डब्ल्यूडब्ल्यूई नेटवर्क पर प्रसारित होगा। सात फीट एक इंच व करीब 157 किलोग्राम वजनी रेसलर डब्ल्यूडब्ल्यूई में काफी नाम कमा चुके हैं। वह पहली बार 2006 में रिग में उतरे थे और अनुभवी अंडरटेकर को चित किया था। उन्होंने करीब आठ साल तक रिग में धमाल मचाई व कई नामी रेसलरों अंडरटेकर, केन, जॉन सीना, बतिस्ता, मार्क हेनरी व शॉन माइकल आदि को अपने खतरनाक स्टंट 'द खली वाइज ग्रिप', 'खली चॉप' व 'पंजाबी प्लंज' से नाको चने चबाए। 20 जुलाई, 2007 को डब्ल्यूडब्ल्यूई के शो स्मैकडाउन में बतिस्ता व केन को हराकर व‌र्ल्ड हेवीवेट चैंपियनशिप जीती। उन्होंने वर्ष 2000 में प्रोफेशनल रेसलिंग में कदम रखा।

डब्ल्यूडब्ल्यूई में सफलता मिलने पर द ग्रेट खली राष्ट्रीय नायक बन गए। वह हॉलीवुड फिल्मों जिनमें 'मैकग्रबर', 'गेट स्मार्ट' व 'द लांगेस्ट यार्ड' में नजर आए। इसके अलावा 'रामा', 'कुश्ती' व 'हुक या क्रुक' भारतीय फिल्मों में भी काम किया। वर्तमान में वह अमेरिका में रहते हैं। उन्होंने भारत के युवाओं को रेसलर की दुनिया में जाने की राह भी बनाई। इसके लिए उन्होंने रेसलिंग स्कूल चलाया हुआ है।

chat bot
आपका साथी