शर्मनाक: मंदबुद्धि युवती से किया दुष्कर्म, हुई गर्भवती

मंदबुद्धि युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। अल्पविकसित मस्तिष्क के चलते वह इसकी जानकारी अपने स्वजन को नहीं दे सकी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Jan 2022 07:23 PM (IST) Updated:Fri, 14 Jan 2022 08:07 PM (IST)
शर्मनाक: मंदबुद्धि युवती से किया दुष्कर्म, हुई गर्भवती
शर्मनाक: मंदबुद्धि युवती से किया दुष्कर्म, हुई गर्भवती

जागरण संवाददाता, सोनीपत : मंदबुद्धि युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। अल्पविकसित मस्तिष्क के चलते वह इसकी जानकारी अपने स्वजन को नहीं दे सकी। अब पेट में दर्द होने पर उसको अस्पताल ले जाया गया तो वह सात महीने की गर्भवती मिली। अस्पताल में उसने अल्पविकसित बच्चे को जन्म दिया, जिसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। पुलिस ने युवती की मां की शिकायत पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद विशेषज्ञों की मदद से युवती से आरोपित की जानकारी लेने का प्रयास किया जाएगा।

कुंडली की एक कालोनी में रहने वाले परिवार की 20 वर्षीय युवती मंदबुद्धि है। वह अपने ज्यादातर मनोभाव स्वजन के सामने स्पष्ट नहीं कर पाती है। वह कभी-कभार घूमने के लिए अपनी कालोनी में निकल जाती है। स्वजन के अनुसार कुछ समय से उसका व्यवहार बदला हुआ था। वह दो दिन से उदास थी। शुक्रवार सुबह को उसके पेट में दर्द होने लगा। इस पर स्वजन उसको लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने बताया कि वह सात महीने की गर्भवती है। उसके साथ किसी ने दुष्कर्म किया था, जिससे वह गर्भवती हो गई थी। मानसिक रूप से अविकसित होने की वजह से वह परिवार के लोगों को इसकी जानकारी नही दे सकी। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों को उसकी प्रीमैच्योर डिलीवरी करनी पड़ी, लेकिन जन्म के कुछ समय बाद ही नवजात की मौत हो गई। कुंडली थाना पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान पर अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीएनए सैंपल किया सुरक्षित :

कुंडली थाना पुलिस नवजात बच्चे का डीएनए सैंपल सुरक्षित कर लिया है। इसको जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। आरोपित के पकड़े जाने पर उसके डीएनए से इसका मिलान किया जाएगा। पुलिस ने मंदबुद्धि बच्चों से संवाद करने वाले विशेषज्ञों को भी बुलाने का निर्णय लिया है। उससे काउंसलिग कराने के बाद युवती से घटना के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। स्वजन से जानकारी की जा रही है कि पीड़िता कालोनी में किस-किसके घर पर जाती थी। उसके आधार पर जांच की जाएगी। अस्पताल से छुट्टी होने पर विशेषज्ञों की मदद से पीड़िता से जानकारी करने का प्रयास किया जाएगा।

- इंस्पेक्टर रवि कुमार, एसएचओ - थाना कुंडली।

chat bot
आपका साथी