नशीला पदार्थ देकर महिला से किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो भी बनाई

यमुनानगर में महिला को नशीला पदार्थ देकर दुष्‍कर्म किया गया। आरोपित ने उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। आरोपित से महिला की इंस्‍टाग्राम पर दोस्‍ती हुई थी। आरोपित ने दवाई देकर महिला का गर्भपात भी कराया। जब सरपंच को इस बारे में बताया तो उसने भी युवक का पक्ष लिया।

By Avneesh kumar Edited By: Publish:Thu, 29 Sep 2022 03:19 PM (IST) Updated:Thu, 29 Sep 2022 03:19 PM (IST)
नशीला पदार्थ देकर महिला से किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो भी बनाई
यमुनानगर में महिला से दुष्‍कर्म किया गया।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में दुष्‍कर्म का मामला सामने आया है। महिला को नशीला पदार्थ देकर दुष्‍कर्म किया गया। उसकी अश्‍लील वीडियो भी बनाई गई। साथ ही वायरल करने की धमकी देकर फिर दुष्‍कर्म करता रहा। 

बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी 29 वर्षीय महिला ने हिसार जिले के गांव खरकड़ी निवासी सुखबीर जांगड़ा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। जिसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करता रहा। इस बीच वह गर्भवती हुई, तो आरोपित उसे दवाई देकर गर्भपात करा दिया। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 2012 में अंबाला के गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। इस शादी से उसके पास नौ वर्ष का बेटा है। इसी दौरान उसकी इंस्टाग्राम पर सुखबीर जांगड़ा से दोस्ती हो गई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। एक दिन आरोपित यमुनानगर में आया और उसे होटल में मिलने के लिए बुलाया। जहां आरोपित ने उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया। जिससे वह बेहोश हो गई।

होश में आने पर पता लगा कि आरोपित ने उसके साथ गलत काम किया है। जब विरोध किया, तो आरोपित ने कहा कि उसने अश्लील वीडियो भी बनाई है। यदि किसी को इस बारे में शिकायत दी, तो वीडियो वायरल कर दूंगा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपित ने उसके साथ कई बार संबंध बनाए। 27 जुलाई को आरोपित ने उसे हिसार में मिलने के लिए बुलाया।

जब वह पहुंची, तो उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित के ताऊ का लड़का अनिल भी साथ था। आरोपितों ने उससे धोखे से लिव इन के कागजात पर साइन करा लिए। बाद में आरोपित के गांव के सरपंच को इस बारे में बताया, तो उसने भी आरोपित का ही पक्ष लिया। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी।

chat bot
आपका साथी