मानवता की मिसाल पेश कर रहा पानीपत का ये रोटरी क्लब, गणतंत्र दिवस पर मिला सम्मान

रोटरी पानीपत सेंट्रल क्लब की ओर से वार्ड 11 स्थित वृद्ध आश्रम में वृद्धों की सेवा की जाती है। केवल आर्थिक तौर पर ही मदद नहीं करते बल्कि वहां बुजुर्गों के साथ समय बिताते हैं। इसी तरह आठ चेतना स्कूल चला रहे हैं।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Sun, 30 Jan 2022 12:31 PM (IST) Updated:Sun, 30 Jan 2022 12:31 PM (IST)
मानवता की मिसाल पेश कर रहा पानीपत का ये रोटरी क्लब, गणतंत्र दिवस पर मिला सम्मान
संदीप गोयल को सम्मानित करते मंडल आयुक्त संजीव वर्मा।

पानीपत, जागरण संवाददाता। बच्चों की शिक्षा हो या फिर जरूरतमंदों के स्वास्थ्य की चिंता। विधवा महिलाओं के घर राशन पहुंचाना हो या फिर वृद्धजनों की मदद करना हो...रोटरी पानीपत सेंट्रल क्लब के सदस्य सेवा की मिसाल कायम कर रहे हैं। यही वजह है कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में क्लब को प्रशंसापत्र सौंपा गया। ये चेहरे ऐसे हैं, जो सामने आए बिना समाज के उन लोगों को आगे बढ़ा रहे हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। जिन्हें अपनों ने ही वक्त न देकर आश्रम में छोड़ दिया।

रोटरी पानीपत सेंट्रल क्लब की ओर से वार्ड 11 स्थित वृद्ध आश्रम में वृद्धों की सेवा की जाती है। केवल आर्थिक तौर पर ही मदद नहीं करते, बल्कि वहां बुजुर्गों के साथ समय बिताते हैं। इसी तरह, आठ चेतना स्कूल चला रहे हैं। इन स्कूलों में किताबें पहुंचाने के अलावा, शिक्षकों का वेतन देने में सहयोग करते हैं। इन स्कूलों में फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों के बच्चे पढ़ते हैं। इन्हें बाद में राजकीय स्कूलों में दाखिल कराया जाता है। शिव नगर में महासाध्वी कैलाशवती चैरिटेबल अस्पताल चहा रहे हैं, जहां आंखों की जांच होती है। हैदराबादी अस्पताल में डायलिसिस सेंटर चलाने में मदद कर रहे हैं।

हर महीने 31 विधवा महिलाओं को देते हैं राशन

ऊझा रोड स्थित साईं मंदिर, माडल टाउन स्थित आर्य समाज मंदिर, सेक्टर 12 स्थित आर्य समाज मंदिर में पैथ लैब चला रहे हैं। इसके अलावा हर महीने 31 विधवा महिलाओं को राशन देते हैं, जिस पर 15 हजार खर्च आता है। क्लब के प्रधान संदीप गोयल ने जागरण को बताया कि शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक में कोई जरूरतमंद छूट न जाए, इसके लिए प्रयास करते हैं। बच्चों को जब स्कूल में पढ़ते हुए देखते हैं, तो सुकून मिलता है कि समाज के लिए कुछ कर रहे हैं। समाज इसी तरह आगे बढ़ेगा। क्लब के सचिव दिनेश जैन हों या फिर चेयरमैन योगेंद्र नाथ, सभी सदस्य हर एक सेवा के लिए खुद ही हाथ बढ़ाते हैं।

जब मिलीं दुआएं

संदीप गोयल ने बताया कि विधवा महिलाओं को एक दिन राशन बांट रहे थे। महिला ने नम आंखों से उन्हें दुआएं दीं। यही उनका सबसे बड़ा सम्मान था। आंखों का चेकअप कराते हैं। जिन्हें दवा और आपरेशन की जरूरत होती है, उसमें क्लब के सदस्य मिलकर मदद करते हैं।

chat bot
आपका साथी