पिहोवा-थानेसर मार्ग दर्दनाक सड़क हादसा, जीजेयू हिसार के सहायक प्रोफेसर की कुरुक्षेत्र में मौत

कुरुक्षेत्र में सड़क हादसे में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय हिसार के हिंदी के सहायक प्रोफेसर डॉक्‍टर बंसीलाल की मौत हो गई। पिहोवा-थानेसर मार्ग पर वीरवार देर रात वाहन ने उनको टक्‍कर मार दी थी। वे कुरुक्षेत्र अपने घर आ रहे थे।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 03 Jul 2021 04:13 PM (IST) Updated:Sat, 03 Jul 2021 04:13 PM (IST)
पिहोवा-थानेसर मार्ग दर्दनाक सड़क हादसा, जीजेयू हिसार के सहायक प्रोफेसर की कुरुक्षेत्र में मौत
जीजेयू हिसार के सहायक प्रोफेसर की सड़क हादसे में मौत।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। पिहोवा-थानेसर मार्ग पर वीरवार की देर रात्रि हुए सड़क हादसे में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय हिसार में हिंदी के सहायक प्रोफेसर डा. बंसी लाल की मौत हो गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना केयूके पुलिस ने शुक्रवार की सुबह लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद स्वजनों को सौंप दिया है।

बताया जा रहा है कि जीजेयू हिसार में हिंदी के सहायक प्रोफेसर डा. बंसीलाल वीरवार की शाम को हिसार से अपने घर कुरुक्षेत्र के लिए निकले थे। वह देर रात नौ बजे के करीब कुरुक्षेत्र के पास पहुंच गए थे। घर से थोड़ी दूरी पर पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में उन्हें लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिवार के सदस्यों सहित कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शिक्षकों का लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में जमावड़ा लग गया। इसके बाद सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया। उनका अंतिम संस्कार टोहाना में उनके पैतृक गांव में गमगीन माहौल में किया गया। उनके निधन पर

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव डा. संजीव शर्मा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के प्रधान डा. परमेश, कुटा सचिव डा. विवेक गौड़, पूर्व कुलसचिव डा. भगवान सिंह चौधरी, डा. महासिंह पूनिया, कुवि लोकसंपर्क विभाग के निदेशक डा. ब्रजेश साहनी ने शोक व्यक्त किया है।

11 साल तक कुवि में कांट्रेक्ट आधार पर शिक्षक रहे थे डा. बंसी लाल

डा. बंसी लाल 11 साल तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में कांट्रेक्ट आधार पर शिक्षक रहे हैं। पिछले पांच माह पहले ही उन्होंने जीजेयू हिसार में नौकरी ज्वाइन की थी। वह वीरवार को हिसार से ही अपना काम निपटा कर घर आ रहे थे कि यह हादसा हो गया। डा. बंसी लाल का मिलनसार स्वभाव होने के चलते उन्हें कुवि के सभी शिक्षक और अन्य स्टाफ अच्छी तरह से जानते थे। वीरवार की रात को जैसे ही कुवि परिसर में इस हादसे की जानकारी मिली तो अस्पताल में कुवि शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की भीड़ लग गई।

chat bot
आपका साथी