जींद में अग्निपथ योजना का विरोध, लघु सचिवालय के बाहर जुटे कांग्रेसी, दे रहे धरना

अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेसी धरने पर बैठे हैं। हरियाणा में भर में कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। जींद में भी आर्मी में स्थाई भर्ती निकालने और अग्निपथ योजना रद करने की मांग को लेकर लघुसचिवालय के बाहर धरना शुरू किया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 27 Jun 2022 12:59 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jun 2022 12:59 PM (IST)
जींद में अग्निपथ योजना का विरोध, लघु सचिवालय के बाहर जुटे कांग्रेसी, दे रहे धरना
अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेसियों का प्रदर्शन।

जींद, जागरण संवाददाता। अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेसी सोमवार को सुबह लघु सचिवालय के बाहर एकत्रित हुए और धरने पर बैठ गए। सफीदों से विधायक सुभाष गांगोली, जुलाना से पूर्व विधायक परमेंद्र ढुल सहित काफी संख्या में कांग्रेसी धरने में शामिल रहे।

विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि कोरोना काल के बाद आर्मी में स्थाई भर्तियां नहीं हुई हैं। स्कूल समय से ही विद्यार्थी आर्मी में भर्ती की तैयारी शुरू कर देते हैं। हजारों युवाओं की आमी भर्ती की उम्र निकल चुकी है। जिससे युवा हताश हैं। केंद्र सरकार ने स्थाई भर्तियां निकालने की बजाय अग्निपथ योजना लेकर आई। जिसमें युवाओं को केवल चार साल के लिए आर्मी में लिया जाएगा। उसके बाद उनका भविष्य अंधकारमय होगा और बाकी उम्र उसे बेरोजगारी की मार झेलनी होगी।

पूर्व विधायक परमेंद्र ढुल ने कहा कि केंद्र सरकार पहले तीन कृषि कानून लेकर आई, जो पूंजीपतियों को ध्यान में रखकर बनाए गए थे। एक साल से ज्यादा समय तक किसानों ने दिल्ली के बार्डर पर बैठकर संघर्ष किया और 700 से ज्यादा किसानों ने अपनी जान देनी पड़ी। जिसके बाद कृषि कानूनी की वापसी हुई। अब सरकार युवाओं को गुमराह करने के लिए अग्निपथ योजना लेकर आई है। जिसका देशभर में युवा विरोध कर रहे हैं, फिर भी सरकार मानने को तैयार नहीं है। ये योजना युवाओं के हित में नहीं है। सेना में भर्ती होना हर युवा का सपना होता है। लेकिन सरकार आर्मी में भी स्थाई रोजगार खत्म कर रही है, जो सही नहीं है।

कांग्रेस इस आंदोलन में युवाओं के साथ खड़ी है और हर स्तर पर शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलनों में कांग्रेस कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। जगबीर ढिगाना और रोहित दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार के जन विरोधी फैसलों से हर वर्ग नाराज है। अब आर्मी में अग्निपथ योजना के नाम पर चार साल के लिए भर्ती करने की योजना लाकर युवाओं के साथ धोखा किया है। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अग्निपथ योजना को रद करने और आर्मी में स्थाई भर्तियां निकालने की मांग की। इस अवसर पर जगबीर ढिगाना, रोहित दलाल, बलवान मलिक, दलबीर रेढू मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी