उत्‍तर प्रदेश के बदमाशों ने करनाल पुलिस से लूट का किया प्रयास, हथियार सहित 5 गिरफ्तार

हरियाणा (Haryana) में उत्‍तर प्रदेश के बदमाशों का गिरोह सक्रिय है। करनाल में पांच बदमाशों को पकड़ा गया। उत्तर-प्रदेश के बदमाशों ने करनाल पुलिस से ही लूट का प्रयास किया। पुलिस ने इन बदमाशों को हथियार सहित गिरफ्तार किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Sep 2022 11:50 AM (IST) Updated:Tue, 27 Sep 2022 11:50 AM (IST)
उत्‍तर प्रदेश के बदमाशों ने करनाल पुलिस से लूट का किया प्रयास, हथियार सहित 5 गिरफ्तार
करनाल में उत्‍तर प्रदेश के पांच बदमाश गिरफ्तार।

संवाद सहयोगी, इंद्री (करनाल)। करनाल-इंद्री रोड पर बदमाशों की सूचना पर पहुंची करनाल पुलिस को आम राहगीर समझकर उत्तर-प्रदेश के पांच बदमाशों ने तमंचा तान दिया। पुलिस की जानकारी होने पर बदमाश भागने लगे। पुलिस ने पांचों बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों के पास एक अवैध तमंचा, कारतूस व धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। सभी बदमाश उत्तर-प्रदेश के जिला सहारनपुर के रहने वाले हैं। सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

डिटेक्टिव स्टाफ के एसआइ जसविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें करनाल-इंद्री रोड पर कुछ युवकों द्वारा टार्च की रोशनी मारकर लोगों को रोकने व उनसे लूटपाट करने की गुप्त सूचना मिली। वह सादे कपड़ों में टीम को लेकर करनाल-इंद्री रोड पर पहुंचे। बाइपास के पास एक पिकअप गाड़ी खड़ी दिखी। जिसपर नंबर नहीं था। वह गाड़ी के पास पहुंचे तो एक युवक ने टार्च दिखाकर रुकने का इशारा किया। युवक ड्राइवर साइड आया और चालक पर तमंचा तानकर शीशा नीचे करने को कहा।

शीशा नीचे करते ही युवक ने चालक की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और बोला की जो भी सामान है बोनट पर रख दो। जैसे चालक ने गाड़ी की लाइट जलाई तो युवकों को पुलिस होने का पता लगा और सभी भागने लगे। पुलिस ने दौड़कर सभी पांच बदमाशों को काबू कर लिया। बदमाशों के पास से एक लोडेड 315 बोर का अवैध तमंचा, चाकू, टार्च व अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ इंद्री थाने में केस दर्ज कराया गया है। बदमाशों का पुराना रिकार्ड खंगाला जा रहा है।

उत्तर-प्रदेश के सहारनपुर के हैं सभी बदमाश

- रईस निवासी जिला सहारनपुर के छुटमलपुर की हरिजन कालोनी।

- जुनैद निवासी जिला सहारनपुर के कस्बा नकुड़।

- वसीम निवासी जिला सहारनपुर के छुटमलपुर की हरिजन कालोनी।

- नवाब निवासी जिला सहारनपुर के कस्बा नकुड़।

- आशिफ निवासी जिला सहारनपुर के छुटमलपुर के गांव रसूलपुर।

छह साल से कर रहे हरियाणा-पंजाब में अपराध

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ज्यादा पैसा कमाने के लालच में आरोपित पिछले करीब छह साल से हरियाणा, पंजाब व उत्तर प्रदेश में गोतस्करी का काम कर रहे हैं। आरोपितों के खिलाफ इन तीनों राज्यों में गो-तस्करी व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत करीब 20 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी कई बार गिरफ्तार हो चुके हैं और जेल में सजा काट चुके हैं। इसके अलावा आरोपित राहगीरों से लूट, डकैती व चोरी की वारदातों को भी अंजाम देते हैं। आरोपितों को अदालत में पेश करके तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपितों से गहनता से पूछताछ की जाएगी व अन्य मामलों में भी आरोपितों की संलिप्तता का पता लगाकर मामलों का खुलासा किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी