President's Haryana Visit: राष्ट्रपति के स्वागत को तैयार हरियाणा, लहसुन-प्याज के बगैर बनेगा मुर्मु का खाना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 29 नवंबर को कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हिस्सा लेंगी। वह राजभवन में भी आएंगी। करीब एक दशक बाद हरियाणा राजभवन राष्ट्रपति की मेेहमाननवाजी का मौका को मिला है। राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में अधिकतर मौकों पर पंजाब राजभवन में ही ठहरते रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sat, 26 Nov 2022 04:50 PM (IST) Updated:Sat, 26 Nov 2022 04:50 PM (IST)
President's Haryana Visit: राष्ट्रपति के स्वागत को तैयार हरियाणा, लहसुन-प्याज के बगैर बनेगा मुर्मु का खाना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की फाइल फोटो ।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा को लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रपति की मेहमाननवाजी का मौका मिला है। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में 29 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ करने के लिए चंडीगढ़ पहुंच रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के भव्य स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। करीब एक दशक बाद हरियाणा राजभवन को राष्ट्रपति की मेेहमाननवाजी का मौका मिला है, अन्यथा अधिकतर मौकों पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री पंजाब राजभवन में ही ठहरते रहे हैं।

राष्ट्रपति पिछले महीने भी जब वायुसेना दिवस पर एयरशो में शामिल होने चंडीगढ़ आईं थीं तो पंजाब राजभवन की मेहमान बनी थीं। राष्ट्रपति के दौरे को यादगार बनाने के लिए हरियाणा राजभवन में कई तरह के कार्यक्रम होंगे। प्रेजिडेंशियल सुइट को नया रूप दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति के सम्मान में मंगलवार रात को रात्रि भोज होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ उनके तमाम मंत्री और अन्य वीवीआइपी शामिल होंगे। मेन्यू भी विशेष होगा। राष्ट्रपति भवन से मंजूर हुए मेन्यू के अनुसार मुर्मु के लिए खाना बिना लहसुन-प्याज के बनेगा।

रात्रिभोज से पहले राष्ट्रपति मेहमानों से मुलाकात करेंगी। उनके स्वागत में राजभवन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन करने की भी तैयारी है जिसमें उन्हें हरियाणवी लोकगीतों और लोक नृत्य से हरियाणा की संस्कृति से रू-ब-रू होने का मौका मिलेगा।

अगले दिन 30 नवंबर को नई दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले राष्ट्रपति राजभवन में ही हरियाणा के कुछ खिलाड़ियों से मुलाकात भी करेंगी। नाश्ता करने के बाद उनका काफिला सुबह करीब साढ़े नौ बजे हरियाणा राजभवन से चंडीगढ़ के टेक्निकल एयरपोर्ट के लिए रवाना होगा और करीब 10 बजे वह विशेष विमान से नई दिल्ली लौट जाएंगी।

राष्ट्रपति पहले आएंगी चंडीगढ़, फिर कुरुक्षेत्र के लिए भरेंगी उड़ान

राष्ट्रपति मंगलवार को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से करीब 10 बजे चंडीगढ़ टेक्निकल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। यहां उन्हें हरियाणा और पंजाब के राज्यपाल के साथ अन्य वीवीआइपी रिसीव करेंगे। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से राष्ट्रपति हेलीकाप्टर से कुरुक्षेत्र जाएंगी। धर्मनगरी में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद राष्ट्रपति शाम करीब चार बजे हेलीकाप्टर से चंडीगढ़ के टेक्निकल एयरपोर्ट पर आएंगी और वहां से हरियाणा राजभवन पहुंचेंगी।

chat bot
आपका साथी