हरियाणा के सीएम मनोहर बोले- नृत्य गोपाल जी खाना खाइये, फिर आप और हम मंदिर बनाने चलेंगे

हरियाणा के सीएम मनोहरलाल ने नृत्‍य गाेपाल दास को खाना खाने के लिए मना लिया है। कोरोना का इलाज करा रहे नृत्‍य गोपाल दास भोजन लेने से इन्‍कार कर रहे थे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Sat, 29 Aug 2020 08:36 PM (IST) Updated:Sun, 30 Aug 2020 08:16 AM (IST)
हरियाणा के सीएम मनोहर बोले- नृत्य गोपाल जी खाना खाइये, फिर आप और हम मंदिर बनाने चलेंगे
हरियाणा के सीएम मनोहर बोले- नृत्य गोपाल जी खाना खाइये, फिर आप और हम मंदिर बनाने चलेंगे

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मनुहार पर महंत नृत्य गोपालदास भोजन करने लगे हैं। गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास पिछले दो दिन से भोजन नहीं कर रहे थे। इसकी जानकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को मिली तो वह महंत नृत्यगोपाल दास के पास पहुंचे। इसके बाद उन्‍होंने नृत्‍य गोपाल दास को भोजन लेने के लिए मना लिया।

मेदांता में उपचाराधीन महंत नृत्य गोपाल दास के खाना नहीं खाने से चिंतित थी डाक्टरों की टीम

मनोहरलाल ने कहा-महंत जी हम लोगों को अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण करना है। यदि आप भोजन नहीं करोगे तो शरीर कैसे काम करेगा। आप स्वस्थ हो जाइये। मैं भी हो जाऊंगा। फिर दोनों अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण करने चलेंगे। देश को आपसे बहुत उम्मीदें हैं। उनकी इस वाकपटुता से प्रसन्न हो महंत नृत्य गोपालदास ने मुस्कराते हुए भोजन लाने का संकेत दिया और भोजन ग्रहण करना प्रारंभ कर दिया। इससे मेदांता मेडिसिटी के चिकित्सकों ने राहत सांस ली है।

दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में देश के तमाम वीआइपी और वीवीआइपी यहां अपना इलाज कराने आते हैं। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास सहित कई अति विशिष्ट जन कोरोना संक्रमित होने के कारण मेदांता में भर्ती हैं। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और घरौंडा के भाजपा विधायक हरविंद्र कल्याण भी यहीं उपचाराधीन हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को मेदांता में इलाज के लिए भर्ती हुए थे। अब उनकी तबीयत में काफी सुधार है, लेकिन डाक्टरों ने फिलहाल मुख्यमंत्री को यह कहते हुए छुट्टी देने से मना कर दिया है कि आप खुद को भले ही स्वस्थ महसूस करें, लेकिन दोबारा तबीयत बिगड़ने का खतरा बना रह सकता है। मेदांता के डाक्टरों ने मुख्यमंत्री को यहां रहकर इलाज का पूरा कोर्स करने की सलाह दी है, ताकि एंडी बाडी डेवलेप होने के बाद फिर कामकाज में किसी तरह की दिक्कत नहीं आए।

मुख्यमंत्री मनोहरलाल मेदांता म़ेडिसिटी अस्पताल की 14वीं मंजिल के कमरा नंबर 1413 में उपचाराधीन हैं। स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का कमरा नंबर 1408 और हरविंद्र कल्याण का 1429 है। इसी फ्लोर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत व महंत नृत्य गोपालदास जी महाराज का कमरा है। मुख्यमंत्री अस्पताल से ही सरकार चला रहे हैं।

शनिवार को अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर वे खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह के साथ एक वेबिनार में भी जुड़े। मुख्यमंत्री सुबह छह से साढ़े छह बजे के आसपास उठ जाते हैं तथा अस्पताल की गैलरी में ही करीब एक घंटे तक सैर करते हैं। यही क्रम शाम को चलता है।

 विधायकों व मंत्रियों के साथ खुल्लर से नियमित संवाद

मुख्यमंत्री यहीं से मंत्रियों व विधायकों तथा सांसदों से उनका हालचाल पूछने के अलावा कार्यकर्ताओं से फोन से बात करते हैं। मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा तथा अपने प्रधान सचिव राजेश खुल्लर से फोन पर उनका नियमित संवाद होता है। जिलों के डीसी-एसपी से भी सीएम की बातचीत हो रही है। मनोहर लाल ने केंद्रीय जल मंत्री गजेंद्र शेखावत से भी मुलाकात की है। उनकी ज्ञानचंद गुप्ता और हरविंद्र कल्याण से नियमित मुलाकात होती है।

यह भी पढ़ें: नवजोत सिद्धू के करीबी पर NRI से 1.60 करोड़ की ठगी का केस, खुद को बताया ओएसडी

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी